Bihar Crime : गयाजी में शराब के पैसों का हिसाब माँगना पिता को पड़ा महंगा, नाबालिग बेटे ने उतारा मौत के घाट
Bihar Crime : गयाजी में नाबालिग बेटे संदीप मांझी ने बस का पहिया खोलने वाले लोहे के रॉड से अपने पिता दीपा मांझी की गर्दन पर वार कर मौत के घाट उतार दिया.....पढ़िए आगे
GAYAJI : बिहार के गया जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमा गांव में रविवार को शराब के पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि एक नाबालिग बेटे संदीप मांझी ने बस का पहिया खोलने वाले लोहे के रॉड (टायर लीवर) से हमला कर अपने ही पिता दीपा मांझी (50 वर्ष) की हत्या कर दी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत दो दिन पहले हुई थी जब मृतक की पत्नी ने बेटे संदीप को देशी शराब लाने के लिए पैसे दिए थे। आरोप है कि संदीप देशी शराब न लाकर उन पैसों से खुद अंग्रेजी शराब पीने लगा। इसी बात को लेकर घर में लगातार कहासुनी हो रही थी। रविवार दोपहर जब संदीप एक निजी स्कूल की बस का पहिया बदल रहा था, तभी उसके माता-पिता वहां पहुंचे और शराब के पैसों का हिसाब मांगने लगे।
पैसों को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से में आकर संदीप ने पास में रखी लोहे की भारी रॉड से अपने पिता दीपा मांझी की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण दीपा मांझी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पर गुरुआ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग बेटे को हिरासत में ले लिया है। गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ कर हत्या के सही कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
मनोज की रिपोर्ट