पटना में 'राम': नीतीश के इस्तीफे की खबरों पर बोले अरुण गोविल- 'उन जैसे सीनियर पर कमेंट करना ठीक नहीं'
भाजपा सांसद अरुण गोविल रामनवमी के अवसर पर पटना पहुंचे। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती पर बड़ा बयान दिया। जानें पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने क्या कहा।
Patna - : 'रामायण' धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका से अमर होने वाले और मेरठ के भाजपा सांसद अरुण गोविल आज पटना पहुंचे। जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके उतरते ही 'जय श्री राम' के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। सांसद बनने के बाद अपने पहले बिहार दौरे पर गोविल ने न केवल आध्यात्मिक बातें कीं, बल्कि बिहार की गरमाई राजनीति और केंद्र सरकार के बड़े फैसलों पर भी अपनी बेबाक राय रखी।
नीतीश कुमार के इस्तीफे और राज्यसभा जाने पर दी प्रतिक्रिया
बिहार की हालिया राजनीतिक हलचल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की चर्चाओं पर अरुण गोविल ने सधा हुआ जवाब दिया। उन्होंने कहा, "यह नीतीश कुमार की पार्टी का आंतरिक निर्णय है। वे राज्यसभा जाना चाहते हैं, यह उनकी इच्छा हो सकती है। वे बेहद वरिष्ठ नेता हैं और इतने बड़े व्यक्तित्व पर कमेंट करना मैं उचित नहीं समझता।" उनके इस बयान ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा छेड़ दी है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती पर केंद्र की सराहना
देश में पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (Excise Duty) घटाए जाने के फैसले का अरुण गोविल ने पुरजोर स्वागत किया। उन्होंने कहा, "विपक्ष और कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह भ्रामक खबरें फैलाई जा रही थीं कि देश में ईंधन और एलपीजी की कमी हो गई है। ऐसे समय में कीमतों में कटौती एक बेहतरीन संदेश है। जब पूरी दुनिया में दाम बढ़ रहे हैं, भारत में कमी होना जनता के लिए बड़ी राहत है।" उन्होंने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पीएम की बैठक को भी सकारात्मक बताया।
रामनवमी का सौभाग्य और नितिन नवीन का निमंत्रण
अरुण गोविल ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के विशेष निमंत्रण पर पटना आए हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "यूं तो मैं कई बार बिहार आया हूँ, लेकिन रामनवमी के पावन अवसर पर यहाँ होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। बिहार ज्ञान और तपस्या की भूमि है और माँ सीता का जन्मस्थान होने के नाते यहाँ से मेरा गहरा आध्यात्मिक नाता है।" उन्होंने जल्द ही सीतामढ़ी जाकर दर्शन करने की भी इच्छा जताई।
मेरठ के विकास के लिए माँ सीता का आशीर्वाद
अपनी नई जिम्मेदारी पर चर्चा करते हुए सांसद गोविल ने कहा कि मेरठ की जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा, "मैं आज पटना आया हूँ ताकि माँ सीता की भूमि का आशीर्वाद ले सकूँ। उनका आशीर्वाद मुझे मेरे निर्वाचन क्षेत्र मेरठ की सेवा करने की शक्ति देगा।" हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और हजारों की संख्या में प्रशंसक मौजूद थे।
रिपोर्ट - नरोत्तम कुमार