Rajya Sabha Elections: हम 5 सीट जीतेंगे वो 10 गो....अनंत सिंह ने तेजस्वी यादव पर कसा तंज, कहा- सीएम नीतीश के साथ जाएंगे दिल्ली
Rajya Sabha Elections: मोकामा विधायक अनंत सिंह विधानसभा पहुंचे जहां उन्होंने अपने मत का प्रयोग किया। इस दौरान अनंत सिंह ने तेजस्वी यादव को लेकर बड़ा हमला बोला है। साथ ही कहा है कि वो भी सीएम नीतीश के साथ दिल्ली जाएंगे।
Rajya Sabha Elections: मोकामा के विधायक अनंत सिंह राज्यसभा चुनाव के लिए जेल से बाहर आए हैं। छोटे सरकार के नाम से मशहूर अनंत सिंह बिहार सरकार के एंबुलेंस से बिहार विधानसभा पहुंचे। जहां उन्होंने मीडियाकर्मियों के समक्ष कई बयान भी दिए। अनंत सिंह ने इस दौरान नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा। अनंत सिंह से पूछा गया कि तेजस्वी दावा कर रहे हैं कि वो चुनाव जीतेंगे तो अनंत सिंह ने कहा कि हम 5 सीट पर जीतेंगे वो 10 सीट पर चुनाव जीतेगा। इस दौरान सीएम नीतीश को लेकर भी अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया।
वो 10 गो जीतेगा
दरअसल, बिहार के 5 राज्यसभा सीटों पर मतदान जारी है। 5 सीटों पर 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। एक ओर जहां एनडीए का दावा है कि 5 सीट एनडीए के खेमे में जाएगा। तो वहीं महागठबंधन का दावा है कि एक सीट उनके खाते में जाएंगी। जब अनंत सिंह को इसको लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हां हम 5 सीट जीत रहे हैं वो भी 10 गो सीट जीत जाएंगे।
सीएम नीतीश को लेकर बड़ा बयान
मोकामा विधायक ने सीएम नीतीश को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि, सीएम नीतीश को जो मन करेगा वो करेंगे। सीएम नीतीश राज्यसभा जाएंगे इससे कोई अंतर नहीं पड़ेगा। सब काम होगा वही सब काम करेंगे। वहीं उनसे पूछा गया कि आप भी दिल्ली जाइएगा तो उन्होंने कहा कि हां हम भी जाएंगे। उनसे पूछा गया कि अगला सीएम कौन होगा तो उन्होंने तपाक से कहा नीतीश कुमार। फिर अनंत सिंह ने कहा कि अभी क्या बताएं कि कौन होगा सीएम नीतीश ही होंगे।
ई सब नहीं जानते
वहीं जब उनसे पूछा गया कि, राज्यसभा चुनाव ही इसलिए हो रहा है ताकी नीतीश कुमार सीएम पद को छोड़ दें तो उन्होंने कहा कि, ई सब हम नहीं जानते हैं जानेंगे तब ना। उन्होंने जदयू में निशांत कुमार की एंट्री को लेकर कहा कि, हम त जमाना से कह रहे हैं। गौरतलब हो कि अनंत सिंह विधानसभा पहुंचे जिसके बाद उन्हें वोट देने के लिए ट्रेनिंग दी गई। जिसके बाद उन्होंने अपने मत का प्रयोग किया।
पटना से रंजन की रिपोर्ट