घुसपैठियों को बाहर करने पर अररिया में अमित शाह का बड़ा ऐलान, पश्चिम बंगाल में ऐसी बनेगी भाजपा सरकर

Amit Shah
Amit Shah- फोटो : news4nation

Amit Shah : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को भरोसा जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद राज्य से “हर एक घुसपैठिये को बाहर किया जाएगा।” गृह मंत्री ने यह बयान बिहार के अररिया जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया। अररिया जिला सीमांचल क्षेत्र में स्थित है, जिसकी सीमा पश्चिम बंगाल से लगती है।


अमित शाह ने कहा, “पश्चिम बंगाल में चुनाव नजदीक हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा सरकार बनाएगी। नई सरकार बनने के बाद घुसपैठियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा कि घुसपैठियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया बिहार, विशेषकर सीमांचल क्षेत्र से शुरू होगी। शाह के मुताबिक, “हमने पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसी मुद्दे पर जनादेश हासिल किया था, विरोधियों की आलोचनाओं के बावजूद जनता ने हमें समर्थन दिया।”


गृह मंत्री ने घुसपैठ को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इससे किसी क्षेत्र का जनसांख्यिकीय संतुलन बिगड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिये सरकारी राशन और आम नागरिकों के लिए निर्धारित अन्य लाभों का भी दुरुपयोग करते हैं। शाह ने कहा कि झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम ऐसे राज्य हैं, जो जनसांख्यिकीय असंतुलन के प्रति अधिक संवेदनशील हैं। उन्होंने जोर दिया कि नरेन्द्र मोदी सरकार इस संतुलन को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।


अपने संबोधन की शुरुआत में अमित शाह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि 1857 के विद्रोह को ‘भारत का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम’ के रूप में स्थापित करने में सावरकर की अहम भूमिका रही, जिसे उन्होंने अपनी पुस्तक के माध्यम से देश के सामने रखा।