बिहार में खत्म होगी शराबबंदी ! सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही NDA विधायक माधव आनंद की बड़ी अपील
बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनते ही एनडीए विधायकों की ओर से अब शराबबंदी को खत्म करने की मांग उठने लगी है.
Alcohol prohibition in Bihar : बिहार में नई सरकार के गठन के साथ ही शराबबंदी कानून को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। सत्तापक्ष के विधायक माधव आनंद ने शराबबंदी की विस्तृत समीक्षा की मांग उठाते हुए बड़ा बयान दिया है। माधव आनंद ने कहा कि उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने भी इस मुद्दे को उठाया था। उस समय भी उन्होंने शराबबंदी की व्यापक समीक्षा की जरूरत बताई थी, जिसे कुछ विधायकों का समर्थन मिला, जबकि कुछ ने इसका विरोध किया।
उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर सदन के अंदर जितने गंभीर थे, बाहर आने के बाद भी उतने ही गंभीर हैं। उनका मानना है कि अब समय आ गया है कि शराबबंदी कानून के हर पहलू की विस्तार से समीक्षा की जाए। नई सरकार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा कि नई ऊर्जा के साथ काम करते हुए सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी।
माधव आनंद ने तर्क दिया कि बिहार जैसे लैंड-लॉक राज्य में पूर्ण शराबबंदी व्यवहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि इस नीति के कारण राज्य को राजस्व का नुकसान हो रहा है, जबकि पड़ोसी राज्यों—झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश—और नेपाल में इसका लाभ पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सरकार को जनहित में फैसला लेना चाहिए। साथ ही उम्मीद जताई कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार कर व्यापक समीक्षा की दिशा में कदम उठाएगी।