राज्यसभा के लिए नॉमिनेशन के बाद नितिन नवीन ने दिया भावुक संदेश, पटना को लेकर कही दिल की बात
नितिन ने आज जब नामांकन दाखिल किया उसके बाद एक भावुक संदेश भी लिखा. इसमें उन्होंने पटना से अपने जुड़ाव और सियासी सफर का जिक्र किया.
Nitin Naveen : बिहार से पांच सीटों पर रिक्त हो रही राज्यसभा की सीटों के लिए गुरुवार को एनडीए उम्मीदवारों ने नामांकन किया. नामांकन करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित शिवेस कुमार, जदयू से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर तथा रालोमो के उपेंद्र कुशवाहा ने पर्चा दाखिल किया. यह पहला मौका है जब नितिन नवीन और नीतीश कुमार दोनों ही राज्यसभा के लिए नामांकन किये हैं.
एक ओर जहां नीतीश कुमार के नामांकन से इसे बिहार में नीतीश युग का अंत माना जा रहा है. अब बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम पर कई लोगों की चर्चा है. इन सबके बीच पहली बार राज्यसभा जा रहे नितिन नवीन की भी एक तरह से यह फ़िलहाल के लिए बिहार से विदाई है. नितिन ने आज जब नामांकन दाखिल किया उसके बाद एक भावुक संदेश भी लिखा. इसमें उन्होंने पटना से अपने जुड़ाव और सियासी सफर का जिक्र किया.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए नामांकन कर दिया है. नितिन नवीन ने नामांकन के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि मन स्वाभाविक रूप से उस लंबी यात्रा को याद कर रहा है, जिसे हमने आप सबके साथ मिलकर तय किया है. मुझे पटना पश्चिम (बांकीपुर) की जनता ने हाथ पकड़कर चलना सिखाया है. पिछले दो दशकों से अधिक समय से आपने जो विश्वास और स्नेह दिया है, उसी के बल पर मुझे बिहार सरकार में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य और समाज की सेवा करने का अवसर मिला, जिसे मैंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया है.