सत्ता में आने के बाद एनडीए सरकार 'बुलडोजर' की ही करती है बात : वीआईपी
Patna : विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता देव ज्योति ने आज प्रदेश में अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों, दलितों के घरों को उजाड़े जाने को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने इसे दबंगई बताते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद एनडीए सरकार बुलडोजर की ही बात करती है।
उन्होंने कहा कि किसी को भी अपना आशियाना प्यारा होता है। ऐसे मेंइन गरीबों की भी सोचे सरकार। कोई मजबूरी में ही वर्षों से गरीब ऐसी जगहों पर अपना आशियाना बनाकर रह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार इन्हें आवासीय सुविधा उपलब्ध करा दे। गरीबों के आशियाना छीनने के बजाए सरकार उनको घर मुहैया कराए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार जिस अतिक्रमण की बात कर रही है तो जब अतिक्रमण हो रहा था, तब सरकार नहीं थी क्या? उस समय रोका क्यों नहीं गया?
वीआईपी के नेता देव ज्योति ने कहा कि अतिक्रमण कहीं तो दरियादिली का नाम है, कहीं दर्द का आगाज है। कहीं रौबदार लोगों की आवाज है तो कहीं कमजोरों की चीख। कहीं जबरदस्ती का अंदाज है तो कहीं बेबसी का आलम। यह मजबूरी की कहानी है।
उन्होंने कहा कि यह सत्य है कि अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में जायज नहीं ठहराया जा सकता, लेकिन क्या गरीबों के आशियाना उजाड़कर ही या उन्हें बेघर करके ही बिहार स्वच्छ प्रदेश बनेगा?
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट