50 हजार से अधिक नागरिकों को जारी नोटिस के विरोध में पार्षद ने रखा एक दिवसीय उपवास, जूस पिलाकर समाप्त कराया गया उपवास

राजधानी पटना मे आवासीय एवं गैर-आवासीय क्षेत्रों का उचित मूल्यांकन किए बिना 50 हजार से अधिक पटना वासियों को नोटिस जारी किए जाने के विरोध में वार्ड 60 की पार्षद शोभा देवी ने उपवास रखकर नगर निगम के इस फैसले का कड़ा विरोध जताया...

50 हजार से अधिक नागरिकों को जारी नोटिस के विरोध में पार्षद न
50 हजार से अधिक नागरिकों को जारी नोटिस के विरोध में पार्षद ने रखा एक दिवसीय उपवास- फोटो : रजनीश

Patna : पटना नगर निगम के अजीमाबाद अंचल के मुख्य द्वार पर नागरिक अधिकार मंच के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना एवं उपवास का आयोजन किया गया। आवासीय एवं गैर-आवासीय क्षेत्रों का उचित मूल्यांकन किए बिना 50 हजार से अधिक पटना वासियों को नोटिस जारी किए जाने के विरोध में वार्ड 60 की पार्षद शोभा देवी ने उपवास रखकर नगर निगम के इस फैसले का कड़ा विरोध जताया।


सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल

कार्यक्रम की अध्यक्षता देवरत्न प्रसाद ने की तथा संचालन संयोजक व पूर्व पार्षद बलराम चौधरी ने किया। सभा को संबोधित करते हुए बलराम चौधरी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की आड़ में पटना नगर निगम अपनी कमियों को छिपाने के लिए नागरिकों में भय का माहौल बना रहा है। नोटिस में तय समय पर उपस्थित न होने पर मकान सील करने की चेतावनी को उन्होंने पूरी तरह जनविरोधी करार दिया।


27 अगस्त की बोर्ड बैठक में नोटिस रद्द करने की उठेगी मांग

धरना स्थल पर उपस्थित पूर्व उप महापौर विनय कुमार पप्पू, पार्षद प्रतिनिधि राजेश राय, मुकेश पासवान और पार्षद जयप्रकाश यादव ने कहा कि पटना की लगभग 80 प्रतिशत आबादी आवासीय गलियों में छोटे-मोटे व्यवसाय व मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करती है। वक्ताओं ने आश्वस्त किया कि 27 अगस्त को होने वाली नगर निगम बोर्ड की बैठक में इन नोटिसों को रद्द करने की मांग मजबूती से उठाई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस तुगलकी फरमान से भयभीत न हों, नागरिक अधिकार मंच और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं।


सुविधाओं के अभाव और टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम का घेराव

सभा में माले नेता रामनारायण सिंह, राजद नेता मोहम्मद जावेद, सीपीआई नेता शंभू शरण प्रसाद तथा सीपीआईएम नेता अमोद कुमार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि होल्डिंग टैक्स और कूड़ा टैक्स लेने के बावजूद पटना की जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। समय पर कचरा न उठना, खराब स्ट्रीट लाइटें और अशोक राजपथ व सुदर्शन पथ जैसे प्रमुख इलाकों में सार्वजनिक शौचालयों की कमी पर चिंता व्यक्त की गई।


जूस पिलाकर समाप्त कराया गया उपवास

वक्ताओं ने नगर निगम से अपील की कि वह आम जनता को परेशान करने के बजाय बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित करे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व उप महापौर विनय कुमार पप्पू और उपस्थित नेताओं ने पार्षद शोभा देवी को जूस पिलाकर उनका एक दिवसीय उपवास समाप्त कराया।


रजनीश की रिपोर्ट