चलते डंपर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

चलते डंपर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
आग का गोला बना चलता डंपर- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले के नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत झुनठी गांव के पास मंगलवार को एनएच मार्ग पर एक चलते डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उठते धुएं के गुबार को देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।


आग की लपटें देख चालक ने लगाई छलांग, टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर सामान्य गति से सड़क पर जा रहा था तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। चालक ने शुरुआत में गाड़ी रोककर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेज होती देख उसने तुरंत वाहन से बाहर छलांग लगा दी। चालक की सतर्कता से उसकी जान बच गई।


दमकल विभाग ने पाया काबू, शार्ट सर्किट की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक डंपर का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। 


पुलिस और दमकल विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया आग लगने की वजह वाहन में हुई तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट