Bihar News : पटना में गंगा नदी के बीच मझधार में फंसी दर्जनों यात्रियों से भरी नाव, SDRF की टीम ने लोगों को किया रेस्क्यू

Bihar News : पटना में एक नाव गंगा नदी के बीच मझधार में फंस गई। निजी नाव पर दर्जनों लोगों के सवार होने की सूचना है। हालाँकि.........

Bihar News : पटना में गंगा नदी के बीच मझधार में फंसी दर्जनों
मंझधार में फंसी नाव - फोटो : ANIL

PATNA : रविवार की शाम गंगा नदी के बीच मझधार में दर्जनों यात्रियों से भरी एक निजी नाव अचानक फंस गई। यह घटना शहर के प्रसिद्ध एनआईटी घाट के समीप घटित हुई। दियारा क्षेत्र से पटना के गांधी घाट की ओर लौट रही नाव में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद नाव गंगा नदी की तेज और उफान मारती धार में अनियंत्रित होकर बहने लगी।

नाव में मची चीख-पुकार, नाविक ने मांगी मदद

ढलते सूरज की रोशनी के बीच नदी के बीचों-बीच नाव बंद पड़ जाने से उस पर सवार नाविक और दर्जनों यात्रियों के होश उड़ गए। नाव के धार में बहने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नाव चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और अन्य नाविकों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी तथा तुरंत मदद पहुंचाने की गुहार लगाई।

पीरबहोर पुलिस और प्रशासन हुआ तुरंत रेस

जैसे ही घटना की जानकारी स्थानीय पीरबहोर थाना पुलिस को मिली, पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पीरबहोर थानाध्यक्ष ने बिना समय गंवाए गांधी घाट पर मोर्चा संभाला और स्थानीय नाविकों व एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट किया। पुलिस और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीच मझधार में फंसी नाव तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

SDRF की टीम ने गांधी सेतु के समीप किया सफल रेस्क्यू

पीरबहोर थानाध्यक्ष के अनुसार, सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। नदी की तेज धार में बहती हुई नाव को एसडीआरएफ की मोटरबोट्स की मदद से ट्रैक किया गया। अंततः कड़ी मशक्कत के बाद गांधी सेतु के समीप नाव को सुरक्षित घेर लिया गया और उस पर सवार सभी यात्रियों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बचा लिया गया। एसडीआरएफ द्वारा सभी यात्रियों को सुरक्षित किनारे लाए जाने के बाद परिजनों और पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस त्वरित और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद पुलिस ने नदी में परिचालन करने वाले नाव चालकों को शाम के समय सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने और नावों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं।

अनिल की रिपोर्ट