3 दिवसीय स्वास्थ्य रोजगार मेला शुरू, मेदान्ता, अपोलो सहित कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में नौकरी का मिलेगा मौका
Bihar News : नौकरी और रोजगार की तलाश में जुटे बिहार के युवाओं के लिए राज्य सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग द्वारा बड़ा अवसर प्रदान किया गया है। पटना के ज्ञान भवन में तीन दिवसीय रोजगार मेला का भव्य आयोजन किया गया है...
Patna : बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा पटना के ज्ञान भवन में "तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र रोजगार मेला 2026" का शानदार शुभारंभ हुआ। इस मेले का विधिवत उद्घाटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद एवं विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस विशेष मेले में देश-विदेश की लगभग 100 प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जिनमें करीब 20 हजार रिक्तियां उपलब्ध हैं। उद्घाटन के पहले ही दिन राज्यभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें से 1,876 योग्य अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न नियोक्ताओं द्वारा ऑन-द-स्पॉट किया गया।
सात निश्चय-3 के तहत युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देना सरकार का लक्ष्य: मंत्री
उद्घाटन के बाद युवाओं को संबोधित करते हुए मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि यह रोजगार मेला केवल एक सरकारी आयोजन नहीं है, बल्कि युवाओं के सपनों और सुनहरे अवसरों को आपस में जोड़ने वाला एक मजबूत मंच है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री के "सात निश्चय-3" के तहत बिहार सरकार का मुख्य लक्ष्य युवाओं को उच्च स्तरीय कौशल विकास, सम्मानजनक रोजगार और बेहतर आय के साधन उपलब्ध कराना है। इसी संकल्पना को साकार करने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र के इस विशेष मेले का आयोजन किया गया है, क्योंकि युवाओं की सफलता ही बिहार की वास्तविक ताकत और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
मेदान्ता, अपोलो सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट एजेंसियां मेले में मौजूद
मंत्री ने बताया कि इस मेगा कैंप में देश के विख्यात स्वास्थ्य संस्थान जैसे मेदान्ता, अपोलो, पारस, रुबन, अखण्ड ज्योति और पोर्टिया हॉस्पिटल्स युवाओं को नौकरी देने पहुंचे हैं। वहीं, बिहार के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार दिलाने के लिए मैजिक बिलियन, ब्लू सीज टैलेंट, 2 कॉम्स जॉब्स एकेडमी, अल्फा मैनपावर, केयर 24 और एम्परसैंड इंटरनेशनल मोबिलिटी जैसी वैश्विक संस्थाएं भी मौजूद हैं। इस मेले को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और अब तक 62 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए पहली बार हुआ ऐसा अनूठा और केंद्रीकृत आयोजन
विभागीय सचिव डॉ. कौशल किशोर ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र के लिए राज्य में पहली बार इस प्रकार का पूरी तरह व्यवस्थित और केंद्रीकृत रोजगार मेला आयोजित किया गया है, जिसमें अभ्यर्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और इंटरव्यू शेड्यूलिंग की गई है। उन्होंने घोषणा की कि विभाग अब माननीय मंत्री के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के लिए साल में कम से कम छह से सात बार ऐसे बड़े रोजगार शिविरों का आयोजन करेगा, ताकि बिहार के युवाओं को नियमित अंतराल पर रोजगार के बेहतरीन अवसर अपने ही राज्य में मिल सकें।
करियर की शुरुआत में वेतन से अधिक सीखने और धैर्य पर ध्यान दें युवा: सचिव
सचिव ने मेले में आए अभ्यर्थियों को बहुमूल्य सलाह देते हुए कहा कि शुरुआती दौर में वेतन को लेकर कभी भी निराश नहीं होना चाहिए। निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) में जैसे-जैसे आपका व्यावहारिक अनुभव और कार्यकुशलता बढ़ेगी, आपकी पदोन्नति और वेतन की संभावनाएं तेजी से ऊंची होती जाएंगी। उन्होंने यूरोपियन और खाड़ी देशों (Gulf Countries) में नर्सिंग तथा केयरगिवर के क्षेत्र में बढ़ रही भारी मांग का जिक्र करते हुए युवाओं से दुनिया भर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराने का आह्वान किया। उद्घाटन सत्र के दौरान निदेशक (नियोजनालय एवं प्रशिक्षण) श्री सुनील कुमार, मिशन के एसीईओ श्री हेमंत कुमार सिंह एवं मिशन निदेशक श्री मनीष शंकर सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह रोजगार मेला 26 और 27 मई को भी सुबह से शाम तक जारी रहेगा।
वंदना की रिपोर्ट