नवादा में टूटे बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, खेत जाते समय हुआ हादसा

नवादा में टूटे बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, खेत
बिजली का करंट लगने से युवक की मौत- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां टूटे बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कादिरगंज थाना क्षेत्र के नेथना गांव में गुरुवार को घटित हुआ। मृतक की पहचान नेथना गांव निवासी भरत प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है, जो अपने परिवार का बड़ा बेटा था।


खेत जाते समय हुआ हादसा 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल घर से खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से टूटकर गिरे पड़े 11 केवी बिजली के प्रवाहित तार पर उसका पैर पड़ गया। जोरदार करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और वहीं बेसुध होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना परिजनों को दी।


अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम 

परिजन और ग्रामीण युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।


बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश 

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग की घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर और ढीले तार लटके हुए हैं, जिसकी शिकायत के बावजूद सुधार नहीं किया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जर्जर तारों को तुरंत बदलने की मांग की है।


पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की एफआईआर दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट