केंद्रीय विद्यालय नवादा का शुभारंभ, सांसद विवेक ठाकुर ने भविष्य निर्माण का बताया आयाम

सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि नवादा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है। सांसद ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की सबसे मजबूत आधारशिला होती है।

Kendriya Vidyalaya Nawada
Kendriya Vidyalaya Nawada- फोटो : news4nation

Bihar News : नवादा जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। नवादा भाजपा नेता एवं सांसद विवेक ठाकुर ने राजकीयकृत कन्हाई इंटर विद्यालय, नवादा में केंद्रीय विद्यालय नवादा के संचालन के लिए बनाए गए अस्थायी परिसर का शुभारंभ किया। इसके साथ ही केंद्रीय विद्यालय नवादा में बच्चों की पढ़ाई का विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। विद्यालय के शुरू होने से जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के एक नए अध्याय की शुरुआत हुई है। कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान रजौली विधायक विमल राजवंशी,डीसीसी शंभू शरण पांडे, अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग आदि उपस्थित थे। 


शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि नवादा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना था, जो आज साकार हुआ है। केंद्रीय विद्यालय के संचालन से नवादा के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।


सांसद ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की सबसे मजबूत आधारशिला होती है। केंद्रीय विद्यालय की शुरुआत से जिले के शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर, अनुशासनपूर्ण वातावरण और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मंच उपलब्ध होगा।


उन्होंने कहा कि नवादा संसदीय क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य, सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना भी इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में नवादा में शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।


सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं होगा, बल्कि यह नवादा के विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने विद्यालय के शुभारंभ पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और समस्त नवादा वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विद्यालय का शुभारंभ नहीं है, बल्कि नवादा के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखे जाने का अवसर है। केंद्रीय विद्यालय के शुरू होने से जिले के बच्चों और अभिभावकों में भी खुशी का माहौल देखा गया।

अमन की रिपोर्ट