Gopalganj Liquor Seized: कलामठीनिया गांव में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 8 बाइक और भारी मात्रा में शराब बरामद
गोपालगंज के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के कलामठीनिया गांव में उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर 363.6 लीटर देसी शराब के साथ 8 बाइक जब्त की हैं। मामले में यूपी निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।
गोपालगंज में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर सख्ती से लागू कराने को लेकर उत्पाद विभाग लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में विशंभरपुर थाना क्षेत्र के कलामठीनिया गांव में गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित छापेमारी की गई। उत्पाद विभाग की इस योजनाबद्ध कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फिर गया।
भारी मात्रा में देसी शराब और आठ बाइक जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न ठिकानों से कुल 363.6 लीटर अवैध देसी शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब की तस्करी और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही 08 बाइक को भी मौके से जब्त कर लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।
यूपी से जुड़े तस्करी के तार, आरोपी गिरफ्तार
उत्पाद अधीक्षक अमृतेष कुमार झा ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के तरयासुजान थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस अब इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में कौन-कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं।
शराब तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट