साधु चौहान हत्याकांड मे पुलिस को बड़ी सफलता, गया से दो वांछित आरोपियों को किया गिरफ्तार
नवादा में बीते 27 अगस्त को हुए साधु चौहान हत्याकांड मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को धर दबोचा है। इनकी गिरफ्तार गया जिले से हुई है.....
Nawada : जिले के चर्चित साधु चौहान हत्याकांड में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। नवादा पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पड़ोसी जिले गया में छापेमारी कर दोनों अभियुक्तों को धर दबोचा।
साइबर थाना में डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने किया खुलासा
साइबर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी शाहनवाज अख्तर ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के बेलदारी गांव निवासी विकास चौहान और अनुज कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तकनीकी सर्विलांस और सर्विलांस से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही दोनों आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे। विशेष टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की सटीक लोकेशन ट्रेस की और गया में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
जमीन विवाद समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी
गौरतलब है कि बीते 27 अगस्त को बेलदारी गांव में साधु चौहान की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पुत्र सुजीत चौहान के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस फिलहाल जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।
पूछताछ में मिले अहम सुराग, अन्य आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ में हत्याकांड और अन्य आपराधिक वारदातों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट