पंचाने नदी पुल के नीचे मिला युवक का शव : परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जता रही हादसे की आशंका
नालंदा जिले के पंचाने नदी पर बने पुल के नीचे से एक युवक की लाश बरामद हुई है। मृतक के परिजन जहां युवक की हत्या करने का आरोप लगा रहे है। वहीं पुलिस इस नशे की हालत में पुल से गिरने के कारण मौत की आशंका जताई है....
Nalanda : जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत अड्डापर मोहल्ले में सोमवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पंचाने नदी पर बने पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी निरंजन चौधरी के रूप में की गई है। शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।
रात में सामान रखकर निकला था बाहर, सुबह बरामद हुई लाश
मृतक की पत्नी ने बताया कि रविवार की देर रात निरंजन चौधरी अपना काम खत्म कर घर लौटा था। घर में कुछ सामान रखने के बाद उसने परिजनों से कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ रहा है और यह कहकर घर से निकल गया। जब देर रात तक निरंजन वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। परिजनों के मुताबिक, रात में उन्होंने पंचाने नदी पुल के नीचे भी ढूंढने का प्रयास किया था, लेकिन तब वहां कुछ नहीं दिखा। सोमवार की सुबह अचानक उसी स्थान पर निरंजन का शव मिलने से परिजनों का शक गहरा गया है और उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों का गंभीर आरोप: 'चाकू मारकर की गई हत्या, मौके से हथियार भी बरामद'
मृतक के परिजनों ने सीधे तौर पर निरंजन की हत्या कर शव को छुपाने के उद्देश्य से पुल के नीचे फेंके जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि निरंजन के शरीर पर कई जगह गहरे चोटों के निशान हैं। उनका दावा है कि अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर बेरहमी से उसकी हत्या की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया। घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद होने की बात सामने आ रही है, जिसने परिजनों के इस संदेह को और अधिक बल दे दिया है।
पुलिस का अलग दावा: नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरने की आशंका
दूसरी तरफ, पुलिस इस मामले को शुरुआती तौर पर एक दुर्घटना मानकर चल रही है। सोहसराय के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत नहीं होता है। पुलिस जांच के अनुसार, निरंजन चौधरी नशे का आदी था और देर रात वह अत्यधिक नशे की हालत में पंचाने नदी पुल की रेलिंग पर बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह पुल से सीधे नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष का बयान:
वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस सभी संभावित बिंदुओं और कोणों से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए FSL टीम की मदद ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का सटीक और स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
राज की रिपोर्ट