Bihar Road Accident : नालंदा में तेज रफ़्तार वाहन ने दो छात्रों को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar Road Accident : नालंदा में राजगीर-गया मुख्य मार्ग पर एक भयानक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित और अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.....पढ़िए आगे

Bihar Road Accident : नालंदा में तेज रफ़्तार वाहन ने दो छात्र
दो छात्रो की मौत - फोटो : RAJ

NALANDA : बिहार के नालंदा जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। इसी कड़ी में छबिलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजगीर-गया मुख्य मार्ग पर नीमा गांव के समीप रविवार को एक भयानक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित और अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान गया जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र स्थित चौसंडी गांव निवासी 19 वर्षीय मो. अरबाज और 18 वर्षीय मो. समीर के रूप में की गई है। दोनों मृतक आपस में गहरे दोस्त थे और इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे। एक साथ हुए इस हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम सन्नाटा पसर गया।घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों दोस्त रविवार को किसी निजी काम से राजगीर आए हुए थे। काम निपटाकर वे अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहे थे, तभी नीमा गांव के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों काफी दूर जा गिरे, जबकि चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। स्थानीय निवासियों की सूचना पर छबिलापुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को आनन-फानन में राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट आने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

छबिलापुर थानाध्यक्ष अनोज कुमार पाठक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। परिजनों से शिकायत पत्र मिलने के बाद आसपास के रास्तों के आधार पर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज की रिपोर्ट