Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग: पीड़ित परिवारों से मिले मंत्री संजय कुमार, कहा- 'झुनकिया बाबा मंदिर हो सील, साधुओं के आचरण की हो जांच'

Bihar News : मंत्री संजय कुमार ने राजगीर के ऐतिहासिक झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में मॉब लिंचिंग (भीड़ हिंसा) के शिकार हुए दो युवकों श्रवण कुमार और पिंटू कुमार के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।

Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग: पीड़ित परिवारों से मिले मंत
पीड़ित परिजन से मिले मंत्री - फोटो : RAJ

NALANDA : बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार गुरुवार को दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने राजगीर के ऐतिहासिक झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में मॉब लिंचिंग के शिकार हुए दो युवकों—श्रवण कुमार और पिंटू कुमार—के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। मंत्री ने इस बर्बर घटना को बेहद दुखद, अमानवीय और सभ्य समाज के माथे पर कलंक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी और न्याय का पूरा भरोसा दिलाया।

पीड़ितों से मिलने के बाद मंत्री संजय कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि महज चोरी के संदेह या आरोप में किसी भी भीड़ या व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यदि युवकों पर कोई आरोप था, तो उन्हें पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था। इस तरह बेरहमी से पीट-पीटकर दो लोगों की जान ले लेना कानून व्यवस्था और मानवता दोनों का खुला उल्लंघन है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

मंत्री ने जिला प्रशासन से मांग की कि जिस झुनकिया बाबा मंदिर परिसर में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया, उसे तत्काल प्रभाव से सील किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने घटना के वक्त मंदिर में मौजूद साधु-संतों और वहां की प्रबंधन समिति से जुड़े लोगों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके आचरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी या मददगार पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस संवेदनशील मामले को लेकर मंत्री ने स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बातचीत भी की है। जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने उन्हें आश्वस्त किया है कि घटना में शामिल सभी नामजद और अज्ञात आरोपितों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस त्वरित गति से साक्ष्य जुटा रही है ताकि दोषियों को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

गौरतलब है कि राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर में चोरी के आरोप में भीड़ ने श्रवण कुमार और पिंटू कुमार को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा था, जिसके कारण दोनों युवकों की मौत हो गई थी। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे जिले में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। मंत्री ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया कि सरकार और उनकी पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव कानूनी व आर्थिक मदद पहुंचाई जाएगी।

राज की रिपोर्ट