Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग में नया मोड़, दो युवकों की मौत पर परिजनों ने लगाया सोची-समझी हत्या का आरोप, जांच के लिए SIT का हुआ गठन

Bihar News : राजगीर के झुनकिया बाबा मंदिर के पास दो युवकों की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है......पढ़िए आगे

Bihar News : राजगीर मॉब लिंचिंग में नया मोड़, दो युवकों की म
मॉब लिंचिंग में नया मोड़- फोटो : RAJ

NALANDA : बिहार के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल राजगीर में झुनकिया बाबा मंदिर के पास दो युवकों की बेरहमी से पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में एक नया और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस खौफनाक वारदात में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान गंजपर निवासी पिंटू पासवान और श्रवण कुमार के रूप में की गई है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

घटना को लेकर मृतकों के रोते-बिलखते परिजनों ने बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का साफ कहना है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। उनका आरोप है कि कुछ लोग पिंटू और श्रवण को बहला-फुसलाकर घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे और बाद में जानबूझकर उन पर चोरी का झूठा आरोप मढ़ दिया, ताकि भीड़ के हत्थे चढ़ाकर उन्हें रास्ते से हटाया जा सके।

दूसरी तरफ, झुनकिया बाबा मंदिर के महंत शरण जी महाराज ने परिजनों के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए मामले में चोरी का एंगल सामने रखा है। महंत का दावा है कि मंदिर में पहले भी कई बार चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। घटना वाले दिन भी चार की संख्या में आए बदमाश चोरी की नीयत से मंदिर परिसर में घुसे थे, जिनमें से स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो को रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके साथ ही महंत ने मंदिर परिसर के भीतर किसी भी प्रकार की मारपीट होने की बात से साफ इनकार किया है।

मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस कप्तान भारत सोनी ने त्वरित एक्शन लिया है। एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की प्राथमिकी (FIR) राजगीर थाने में दर्ज कर ली गई है। मामले की तह तक जाने और दूध का दूध, पानी का पानी करने के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक घटना के बाद अत्यंत गंभीर और घायल अवस्था में पाए गए थे, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया।

फिलहाल, पुलिस की नवगठित एसआईटी टीम घटनास्थल के आसपास और मंदिर परिसर में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिसिया तफ्तीश में क्या सच निकलकर सामने आता है—क्या यह महज चोरी के आरोप में उग्र हुई भीड़ का नतीजा था या फिर इसके पीछे कोई गहरी व्यक्तिगत या रंजिशन साजिश छिपी थी।

राज की रिपोर्ट