Bihar News : नालंदा पुलिस ने फर्नीचर के बीच छिपाकर लाई जा रही 70 लाख की विदेशी शराब किया जब्त, पिकअप वैन समेत चालक को किया गिरफ्तार
Bihar News : शेखपुरा के रास्ते फर्नीचर और कबाड़ के अंदर छिपाकर विदेशी शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही थी। उत्पाद विभाग की टीम ने उसे जब्त कर लिया.....पढ़िए आगे
NALANDA : जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए पिकअप वैन में अलमारी, ड्रेसिंग टेबल और कबाड़ के सामान के पीछे गुप्त जगह बनाकर शराब की तस्करी कर रहे थे। मौके से उत्पाद विभाग ने शराब लदे वाहन को कब्जे में लेकर चालक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पड़ोसी जिले शेखपुरा के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप नालंदा सीमा में प्रवेश करने वाली है। सूचना का तत्काल सत्यापन करते हुए उत्पाद विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सरमेरा बाजार के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली। पहली नजर में वाहन में सिर्फ कबाड़ और लकड़ी के फर्नीचर लदे दिख रहे थे, लेकिन जब बारीकी से जांच की गई तो फर्नीचर के अंदर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बोतलें बरामद हुईं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार चालक से गहन पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लोड की गई थी और नालंदा में इसे किस शराब माफिया या स्थानीय तस्कर के पास डिलीवर किया जाना था। उत्पाद विभाग की टीम इस पूरे सिंडिकेट में शामिल मुख्य धंधेबाजों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
सरमेरा बाजार में हुई इस सफल कार्रवाई में उत्पाद इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, दारोगा पुष्पा कुमारी, जमादार अश्विनी कुमार, सिपाही अमरेश कुमार समेत उत्पाद पुलिस बल के कई जवान शामिल थे। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू रखने के लिए सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर चौकसी आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
राज की रिपोर्ट