Bihar News : नालंदा में साइबर ठगों को फर्जी सिम व बैंक खाते बेचने वाला गिरफ्तार, नशेड़ियों को लालच देकर बनाता था शिकार
Bihar News : नालंदा साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क में शामिल एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके एक सदस्य को गिरफ्तार किया है।
NALANDA : साइबर अपराध और ऑनलाइन रुपए ठगी के लिए फर्जी सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले गिरोह के एक सदस्य को नालंदा साइबर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान शेखपुरा जिले के चेवाड़ा निवासी विजय यादव के 20 वर्षीय पुत्र नितीश कुमार उर्फ रोमियो के रूप है। वह वर्तमान में सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी खासगंज में रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपित अलग-अलग इलाकों में घूमकर नशे के आदी युवकों को रुपये का लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड और बैंक खाते जारी करवाता था। इसके बाद इन सिम कार्ड और बैंक खातों को साइबर ठगों को बेचकर मुनाफा कमाता था।
साइबर थाना के डीएसपी ऋषभ आनंद ने बताया कि तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को ऐसे व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली थी, जो साइबर ठगों तक सिम कार्ड और बैंक खाते पहुंचाने का काम करता है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नितीश कुमार उर्फ रोमियो को गिरफ्तार किया। पूछताछ और जांच के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में दूसरे लोगों के दस्तावेज और बैंकिंग से जुड़े सामान बरामद किए गए हैं।
आरोपित ऐसे युवकों को अपना निशाना बनाता था, जो नशे के आदी थे और जिन्हें तत्काल रुपये की जरूरत रहती थी। वह उनकी इसी कमजोरी का फायदा उठाता था। युवकों को कुछ रुपये देने का लालच देकर उनके आधार और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज हासिल करता था। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड और बैंक खाते खुलवाए जाते थे। सिम और बैंक खाते जारी होने के बाद इन्हें साइबर ठगों को उपलब्ध करा दिया जाता था। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को दूसरे खातों में भेजने अथवा रकम निकालने के लिए किए जाते थे । पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
डीएसपी ने बताया कि आरोपित स्वयं साइबर ठगी करने के बजाय साइबर अपराधियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का काम करता था। ऐसे लोगों की भूमिका भी साइबर अपराध के नेटवर्क में महत्वपूर्ण होती है, क्योंकि इनके माध्यम से ठगों को दूसरे लोगों के नाम पर जारी सिम कार्ड और बैंक खाते आसानी से मिल जाते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित ने अब तक कितने लोगों के नाम पर सिम कार्ड और बैंक खाते जारी करवाए और इन्हें किन-किन साइबर ठगों को उपलब्ध कराया। पुलिस ने इसके पास से एक मोबाइल, 12 एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, 5.250 लीटर अंग्रेजी शराब और 38,900 रुपये नकद बरामद किए हैं। बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड और दूसरे लोगों के पहचान पत्र भी इसके पास से मिले है। कार्रवाई में साइबर थाना के डीएसपी सह थानाध्यक्ष ऋषभ आनंद, पुलिस अवर निरीक्षक शैलेश कुमार झा, कुन्दन कुमार, सिपाही पुनेश कुमार, ऋतु राज, करण कुमार, चन्दन कुमार, करण कुमार, संदीप कुमार, सशस्त्र बल शामिल थे।
राज की रिपोर्ट