पुराने साथी स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के श्राद्धकर्म में पहुंचे पूर्व सीएम नीतीश कुमार, दी भावभीनी श्रद्धांजलि

पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शुक्रवार को नालंदा के गौढ़ापुर गांव पहुंचे। जहां वे अपने पुराने साथी स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के श्राद्धकर्म में शामिल हुए और उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी....

पुराने साथी स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के श्राद्धकर्म में पहुंचे
पुराने साथी के श्राद्धकर्म में पहुंचे नीतीश कुमार- फोटो : राज

Nalanda : जदयू कार्यकर्ता सह समाजसेवी स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार शुक्रवार को नालंदा जिले के चंडी प्रखंड अंतर्गत गौढ़ापर गांव पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात उन्होंने शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की।


पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान ही नीतीश कुमार की पहचान 

इस दौरान नीतीश कुमार ने गांव में मौजूद अपने पुराने कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से भी आत्मीय संवाद किया। सांसद कौशलेंद्र कुमार ने स्वर्गीय देवलाल प्रसाद को याद करते हुए उन्हें पार्टी का समर्पित और तेज-तर्रार सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि देवलाल प्रसाद ने हमेशा जदयू के सच्चे कार्यकर्ता के रूप में सेवा की और नीतीश कुमार द्वारा अपने पुराने व वफादार साथियों के प्रति दिखाई गई यह संवेदनशीलता उनकी विशिष्ट कार्यशैली को दर्शाती है।


'पार्टी में टूटके बयान पर आरजेडी पर एमएलसी नीरज कुमार का पलटवार 

कार्यक्रम के दौरान, जदयू का नाम बदलने संबंधी आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र के बयान पर जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का नाम 'जनता दल यूनाइटेड' है और ‘यूनाइटेड’ का सीधा अर्थ ही एकजुटता है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार और निशांत कुमार के नेतृत्व में पार्टी पूरी मजबूती से आगे बढ़ रही है और इसे कोई खरोंच तक नहीं पहुंचा सकता।


आईआरसीटीसी मामले को लेकर लालू-तेजस्वी पर साधा निशाना 

आरजेडी की आंतरिक स्थिति पर तंज कसते हुए नीरज कुमार ने कहा कि बड़े-बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने के बाद भी एक प्रखंड अध्यक्ष तक उनके साथ नहीं गया। उन्होंने याद दिलाया कि आईआरसीटीसी (IRCTC) मामले में लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की कोर्ट में पेशी शुरू हो चुकी है, इसलिए दूसरों की पार्टी में टूट की बात करने वालों को पहले अपने घर की स्थिति देखनी चाहिए। इसके अलावा, नेताओं ने तेजप्रताप यादव और रोहिणी आचार्य के राजनीतिक रुख को लेकर भी आरजेडी को घेरा।


आयोजन में कई वरिष्ठ विधायक व नेता रहे उपस्थित 

इस अवसर पर हिलसा विधायक प्रेम मुखिया, एमएलसी नीरज कुमार, अनिल मुखिया, प्रेम कुमार, ई. सुनील, बबलू कुमार, वरुण कुमार, अनिल कुमार, आशीष चंद्रवंशी, वाल्मीकि प्रसाद, रिकी कुमार और मनोज कुमार सहित कई प्रमुख जदयू नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने देवलाल प्रसाद के सांगठनिक योगदान को नमन करते हुए पार्टी की एकजुटता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प दोहराया।

राज की रिपोर्ट