कान में लगा ईयरफोन बना काल : पावापुरी हाल्ट पर ट्रेन की चपेट में आने से यूपी का युवक गंभीर रुप घायल, प्रेमिका से मिलने जा रहा था नवादा

नालंदा जिले में पावापुरी रेलवे हाल्ट पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक रेल हादसा हो गया। घटना में गंभीर रुप से घायल युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है...

कान में लगा ईयरफोन बना काल : पावापुरी हाल्ट पर ट्रेन की चपेट
कान में लगा ईयरफोन बना काल, ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर रुप से घायल- फोटो : राज

Nalanda : राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड स्थित पावापुरी रेलवे हाल्ट पर शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश का रहने वाला एक 19 वर्षीय युवक ट्रेन से उतरने के बाद कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी वह दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर से युवक दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।


मुंबई से आया था युवक, चालक के हॉर्न देने पर भी नहीं हटा

घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर जिले के भीखमपुरा एकौनी गांव निवासी सुरेश के पुत्र उद्रेश (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पावापुरी स्टेशन प्रबंधक श्यामू चौधरी ने बताया कि उद्रेश मुंबई से राजगीर जा रही अजीमाबाद एक्सप्रेस से पावापुरी हाल्ट पर उतरा था। प्लेटफॉर्म नंबर-1 से जैसे ही वह ट्रैक पार करने लगा, उसी समय वहां से राजगीर-दानापुर पैसेंजर ट्रेन गुजर रही थी। ट्रेन के लोको पायलट (चालक) ने युवक को देखकर लगातार हॉर्न बजाया, लेकिन कान में ईयरफोन लगे होने के कारण उद्रेश तक आवाज नहीं पहुंची और वह ट्रेन की चपेट में आ गया।


नवादा में प्रेमिका से मिलने जा रहा था उद्रेश

हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की प्राथमिक जांच और युवक के मोबाइल फोन से मिली जानकारियों के अनुसार, वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए नवादा जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही वह इस भयानक हादसे का शिकार हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने युवक के मोबाइल के जरिए उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है, जिसके बाद रोते-बिलखते परिवार वाले बिहारशरीफ के लिए रवाना हो गए हैं।


अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है युवक

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। लहूलुहान हालत में युवक को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, ट्रेन की सीधी टक्कर होने के कारण युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर और जानलेवा चोटें आई हैं। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।


एक जरूरी अपील (सावधानी ही सुरक्षा है): 

रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म या ट्रैक पार करते समय कानों में ईयरफोन या हेडफोन लगाना जानलेवा साबित हो सकता है। आपकी थोड़ी सी लापरवाही परिवार को कभी न भूलने वाला गम दे सकती है। कृपया जिम्मेदार बनें और सफर के दौरान सतर्क रहें।


राज की रिपोर्ट