Bihar News : नालंदा में आपसी विवाद में दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प, झोपड़ी उजाड़ने का विरोध करने पर अधेड़ की पीट-पीटकर की गयी हत्या

Bihar News : नालंदा में आपसी विवाद में दो पक्षों में हुई हिं

NALANDA : जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कुबड़ा बीघा गांव में रविवार को जमीनी विवाद ने भीषण रूप अख्तियार कर लिया। महज जमीन के एक टुकड़े के लिए दबंगों ने मांझी समुदाय के एक व्यक्ति की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कुबड़ा बीघा निवासी स्वर्गीय संत मांझी के 50 वर्षीय पुत्र कमलेश मांझी के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कमलेश मांझी पिछले 30 वर्षों से उक्त जमीन पर झोपड़ी बनाकर सपरिवार रह रहे थे। रविवार को गांव के ही रसूखदार जोगेंद्र पासवान ने कथित तौर पर उनकी झोपड़ी तोड़ दी। जब कमलेश ने अपनी छत उजाड़े जाने का विरोध किया, तो विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

परिजनों का आरोप है कि जोगेंद्र पासवान और उसके सहयोगियों ने कमलेश मांझी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें आनन-फानन में बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने बताया कि मुख्य आरोपी जोगेंद्र पासवान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी हत्या जैसे संगीन मामलों में जेल जा चुका है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि एक गरीब की आशियाने की रक्षा करने की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या जमीनी रंजिश का परिणाम प्रतीत होती है। पुलिस मामले के हर तकनीकी और जमीनी पहलू की गहनता से तफ्तीश कर रही है। वहीं, नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस लिखित आवेदन का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की जाएगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

राज की रिपोर्ट