Muzaffarpur JCB: सरकारी जमीन पर कब्जा हटाने पहुंचा प्रशासन तो भड़के उपद्रवी, जेसीबी पर बरसाए पत्थर

Muzaffarpur JCB: मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर पथराव का मामला सामने आया है। उपद्रवियों ने जेसीबी को निशाना बनाया। पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है।

Muzaffarpur JCB

Muzaffarpur JCB:  बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को जेसीबी मशीन पर पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की भी सूचना है।


केशव चौक के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची थी टीम


जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र का है। नगर परिषद इलाके में केशव चौक के समीप सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत के बाद प्रशासन की टीम उसे खाली कराने पहुंची थी। इस दौरान प्रभारी अंचल अधिकारी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था। प्रशासनिक टीम जेसीबी की मदद से सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई कर रही थी। इसी बीच कुछ लोगों ने अचानक विरोध शुरू कर दिया और जेसीबी मशीन को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ पत्थर बरसाने लगे।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पथराव का वीडियो


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में जेसीबी मशीन की ओर पत्थर फेंके जाते दिखाई दे रहे हैं। पथराव के कारण मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कही कार्रवाई की बात


पूरे मामले पर मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि साहेबगंज थाना क्षेत्र में प्रशासनिक टीम सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ महिला और पुरुषों ने टीम पर रोड़ेबाजी की। एसएसपी ने कहा कि पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। उपद्रव करने वाले सभी लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक टीम पर हुए इस हमले के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब यह देखना होगा कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कितने लोगों की पहचान होती है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

मुजफ्फरपुर से मनीभूषण शर्मा की रिपोर्ट