Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने कांटी में की बड़ी कार्रवाई, 8 सट्टेबाजों को किया गिरफ्तार, लाखों रुपये नकद किया बरामद

Bihar News : सट्टेबाजों के खिलाफ एक बार फिर मुजफ्फरपुर की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को 1 लाख 46 हज़ार रुपये कैश के साथ गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने कांटी में की बड़ी कार्रवाई,
दिवाली से पहले कार्रवाई - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले जिला पुलिस ने अपराधियों और सट्टेबाजों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कप्तान के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से इलाके के सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस की यह विशेष कार्रवाई डीएसपी वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में कांटी थाना क्षेत्र के सदादतपुर इलाके में अंजाम दी गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जुए और सट्टेबाजी में संलिप्त कुल 8 लोगों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला भारी सामान और नकदी बरामद की है। मौके से 1 लाख 46 हजार रुपये नकद, 50 हजार रुपये का एक चेक, दो खाली (ब्लैंक) चेक, 9 मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिलें और ताश के पत्ते जब्त किए गए हैं।

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कांटी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई पूरी मुस्तैदी के साथ की है। पकड़े गए सभी आठों आरोपियों से फिलहाल थाने पर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी गिरफ्तार सट्टेबाजों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के सीजन में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। 

मणिभूषण की रिपोर्ट