Bihar Crime:पत्नी-बेटा ने बहाने से घर बुलाया, फिर पीट-पीटकर कर दी हत्या, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: वीरेंद्र राम की घर के भीतर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मृतक की पत्नी और बेटा समेत आरोपित बताए जा रहे लोग फरार हो गए।...

Bihar Crime:पत्नी-बेटा ने बहाने से घर बुलाया, फिर पीट-पीटकर
पीट-पीटकर कर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के मोरहर गांव में पारिवारिक विवाद ने रविवार को खौफनाक रूप ले लिया। 45 वर्षीय वीरेंद्र राम की घर के भीतर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मृतक की पत्नी और बेटा समेत आरोपित बताए जा रहे लोग फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मामले की तह तक पहुंचने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वीरेंद्र को जितिया पर्व के सिलसिले में घर बुलाए जाने की चर्चा है। इसके बाद घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया। हालांकि, वीरेंद्र को किसने और किस वजह से बुलाया था, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है। पड़ोसी सुदर्शन राय ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे वीरेंद्र के घर के पास हंगामा और मारपीट हो रही थी। उनका दावा है कि कुछ लोगों ने वीरेंद्र को खींचकर लाया और उसके साथ मारपीट की। सुदर्शन के अनुसार, उन्होंने आरोपितों को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे नहीं माने।

घटना के बाद वीरेंद्र की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पड़ोसी ने यह भी आरोप लगाया कि मृतक की पत्नी की घटना में भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।

सूचना मिलने पर साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अशोक राम और कुणाल कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। वहीं, घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया।सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि मोरहर गांव में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान वीरेंद्र राम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट से मौत की आशंका सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी और बेटा फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वीरेंद्र के साथ वास्तव में क्या हुआ था और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी और उसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा