Bihar News: ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा, बिना लाइसेंस दौड़ रहे 21 ऑटो चालक पकड़े गए, अवैध एंबुलेंस जब्त

Bihar News: नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे ऑटो, टोटो और एंबुलेंस चालकों पर अब प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया है।...

Traffic Crackdown 21 Unlicensed Autos Seized
ट्रैफिक पुलिस ने कसा शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar News: नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे ऑटो, टोटो और एंबुलेंस चालकों पर अब प्रशासन का डंडा चलना शुरू हो गया है। मुंगेर शहर में यातायात पुलिस की सघन जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए,21 चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते पकड़े गए, जबकि बिना वैध कागजात संचालित दो एंबुलेंस को जब्त कर लिया गया।

शुक्रवार को यातायात डीएसपी प्रभात रंजन के नेतृत्व में शहर के भगत सिंह चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। 28 ऑटो वाहनों की जांच में 21 चालक बिना लाइसेंस पाए गए। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वालों से कुल 1 लाख 18 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए टीम सदर अस्पताल के बाहर पहुंची, जहां एंबुलेंसों की जांच की गई। जांच में दो एंबुलेंस बिना वैध कागजात संचालित होती मिलीं। पुलिस ने तत्काल उन्हें जब्त कर यातायात थाना भेज दिया। इसके अलावा दो एंबुलेंस का इंश्योरेंस फेल पाया गया, जिन पर 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात विभाग के अनुसार शहर में तेजी से बढ़ते ऑटो और टोटो में कई वाहन बिना फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाणपत्र के चल रहे हैं। कम उम्र के चालक भी सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे हैं, जिससे हादसों और जाम की समस्या बढ़ती जा रही है।

यातायात डीएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना कागजात और लाइसेंस वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर न सिर्फ भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि आवश्यक होने पर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शनिवार को भी विशेष छापेमारी अभियान जारी रहेगा। अब सवाल यह है कि क्या इस सख्ती से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पटरी पर लौटेगी या फिर नियम तोड़ने वालों की मनमानी जारी रहेगी? फिलहाल, मुंगेर की सड़कों पर कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान