Samrat Choudhary news: सम्राट चौधरी के CM बनने की चर्चा से लखनपुर में जश्न, ग्रामीणों की बढ़ीं उम्मीदें
Samrat Choudhary news: तारापुर के लखनपुर गांव में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा से खुशी का माहौल है। इस वजह से ग्रामीणों ने बड़ी उम्मीदें जताई हैं।
Samrat Choudhary news: मुंगेर जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित तारापुर विधानसभा क्षेत्र इन दिनों चर्चा में बना हुआ है। इस क्षेत्र के लखनपुर गांव में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यह वही गांव है जो बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पैतृक गांव है। जैसे ही यह चर्चा तेज हुई कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बन सकते हैं, गांव का माहौल खुशी और उत्साह से भर गया। गांव के लोगों के बीच इस खबर को लेकर जश्न जैसा माहौल नजर आ रहा है। हालांकि जब मीडिया उनके घर पहुंची तो परिवार के लोगों ने इस विषय पर कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया।
गांव के लोगों की बातें कुछ और ही कहानी बता रही हैं। गांव के युवा हों या बुजुर्ग, सभी खुलकर कह रहे हैं कि वे सम्राट चौधरी को अपना आने वाला मुख्यमंत्री मान चुके हैं। लोगों का कहना है कि वे बचपन में थोड़े शरारती थे, लेकिन अब एक समझदार और लोकप्रिय नेता बन चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, उनका स्वभाव बहुत अच्छा है और जब भी वे गांव आते हैं तो हर किसी से मिलते हैं और उनका हाल-चाल पूछते हैं। यही वजह है कि गांव के लोगों के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। विकास के कामों को लेकर भी लोगों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र में काफी काम किया है और आगे भी उनसे उम्मीदें हैं।
सम्राट चौधरी का राजनीतिक इतिहास
अगर उनके परिवार की बात करें तो उनका राजनीतिक इतिहास भी काफी मजबूत रहा है। उनके पिता शकुनि चौधरी छह बार विधायक रह चुके हैं और स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं। उनकी माता स्वर्गीय पार्वती देवी भी विधायक रह चुकी हैं। इस तरह से देखा जाए तो सम्राट चौधरी एक ऐसे परिवार से आते हैं, जिसका राजनीति में लंबा अनुभव रहा है। सम्राट चौधरी तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर आते हैं। उनका परिवार सिर्फ राजनीति ही नहीं बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय है और तारापुर इलाके में योगदान दे रहा है। फिलहाल जैसे-जैसे उनके मुख्यमंत्री बनने की चर्चा बढ़ रही है, लखनपुर गांव में लोगों की उम्मीदें और खुशी भी बढ़ती जा रही है। गांव के लोग अब आगे आने वाले समय का इंतजार कर रहे हैं।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट