Bihar News: पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकराई, 4 जवान जख्मी, दो की हालत नाज़ुक, झपकी बनी आफत

Bihar News: अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी।...

Police Vehicle Crashes into Tree 4 Injured Two Critical
पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकराई- फोटो : reporter

Bihar News: अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से आई पुलिस टीम जिस चारपहिया वाहन से जांच के सिलसिले में जमुई जा रही थी, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में चार पुलिसकर्मी जख्मी हो गए, जिनमें दो की हालत बेहद नाज़ुक बताई जा रही है।

यह हादसा एनएच‑333 पर शामपुर थाना क्षेत्र के धपरी के पास रविवार तड़के करीब चार बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक बांस थाना की पुलिस टीम एक आपराधिक वारदात की तफ्तीश के सिलसिले में सड़क मार्ग से मुंगेर होते हुए जमुई जा रही थी। सफर लंबा था और रात का सन्नाटा पसरा हुआ था। तभी रास्ते में अचानक चालक को झपकी आ गई और पल भर में गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे में पुलिस पदाधिकारी नीरज राय, अभिजीत उपाध्याय, संजीत सिंह और जयप्रकाश यादव जख्मी हो गए। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इत्तला मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और फौरन राहत-बचाव का काम शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए उठाकर अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया।

उधर, हादसे की खबर मिलते ही शामपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच में जुट गई। सड़क पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

अस्पताल में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों में नीरज राय और जयप्रकाश यादव की हालत गंभीर है। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें मुंगेर रेफर कर दिया गया है, जबकि अभिजीत उपाध्याय और संजीत सिंह का इलाज फिलहाल खड़गपुर के अनुमंडल अस्पताल में ही चल रहा है।

सुबह-सुबह हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्कता की अहमियत को उजागर कर दिया है। पुलिस टीम एक अहम जांच के सिलसिले में निकली थी, लेकिन रास्ते में आई एक पल की झपकी ने पूरे मिशन को हादसे में बदल दिया। फिलहाल घायलों की हालत पर नजर रखी जा रही है और पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- मो, इम्तियाज खान