'महा-दुस्साहस': CM के कार्यक्रम में जुटा था अमला, इधर DM के PA के सरकारी क्वार्टर में दिनदहाड़े 'महा-लूट'

मुंगेर में सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ चोरों ने जिलाधिकारी के प्रधान आशुलिपिक (PA) के सरकारी आवास को निशाना बनाया। जब पूरा पुलिस महकमा मुख्यमंत्री की ड्यूटी में तैनात था, तब चोरों ने लाखों के जेवर, कैश और गैजेट्स पर हाथ साफ कर दिया।

'महा-दुस्साहस': CM के कार्यक्रम में जुटा था अमला, इधर DM के

Munger - मुंगेर में अपराधी किस कदर बेखौफ हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को जब पूरा जिला प्रशासन और पुलिस बल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा में मुस्तैद था, ठीक उसी वक्त चोरों ने जिलाधिकारी के प्रधान आशुलिपिक राजू कुमार के सरकारी क्वार्टर (नंबर-41) में धावा बोल दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिसिया चौकसी के दावों की पोल खोल दी है।

छत के रास्ते घुसे 'शातिर', कैश-जेवर समेत लैपटॉप और iPhone पार

घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार की है। पीड़ित राजू कुमार सुबह सीएम ड्यूटी पर गए थे और परिवार भी बाहर था। चोरों ने बगल के क्वार्टर (नंबर-42) की छत का सहारा लेकर अंदर प्रवेश किया। घर का ताला तोड़कर गोदरेज से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, कीमती आईफोन, लैपटॉप और टैब चार्जर चुरा लिए। हद तो यह कि चोरों ने बच्चों के गुल्लक तक को नहीं बख्शा।

24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, डॉग स्क्वायड की जांच नाकाम!

दोपहर करीब 2 बजे जब राजू कुमार घर लौटे, तो सामान बिखरा देख सन्न रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुँची। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, लेकिन वारदात के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी मुंगेर पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। अपराधी शहर की चाक-चौबंद सुरक्षा को ठेंगा दिखाकर आसानी से निकल गए।

सरकारी कर्मियों में भारी आक्रोश, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना के बाद सरकारी क्वार्टर परिसर में रहने वाले कर्मचारियों में डर और गुस्से का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी अन्य क्वार्टरों में चोरियां हो चुकी हैं। पीड़ित राजू कुमार और अन्य कर्मियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाए और पूरे इलाके को सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लैस किया जाए।

अज्ञात चोरों पर FIR, पुलिस का 'जल्द गिरफ्तारी' का पुराना दावा

कासिम बाजार थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, हाई-प्रोफाइल मामला होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सामान बरामद कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट - मो. इम्तियाज खान