Bihar News : मुंगेर में बकाया पैसे मांगने पर टेंट कर्मी की दबंगों ने की जमकर पिटाई, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Bihar News : मुंगेर में बकाया पैसे की मांग करने पर दबंगों ने टेंट कर्मी की जमकर पिटाई कर दी. जिसने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में बकाया पैसे मांगने पर टेंट कर्मी की द
टेंट कर्मी की हत्या - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ महज ₹1500 के लेनदेन के विवाद में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। असरगंज थाना क्षेत्र के झोजी मुसहरी गांव में मंगलवार की शाम बकाया पैसे मांगने गए टेंट कर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घायल युवक ने इलाज के दौरान भागलपुर के मायागंज अस्पताल (JLNMCH) में दम तोड़ दिया।

बकाया मांगने पर सिर पर किया वार

मृतक की पहचान झोजी मुसहरी निवासी चंदन कुमार (पिता प्रशिक्षण प्रसाद सिंह) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चंदन टेंट का काम कर अपने परिवार का गुजारा करता था। गांव के ही एक व्यक्ति पर उसका ₹1500 बकाया था। मंगलवार 18 फरवरी की शाम करीब 5 बजे जब चंदन अपना हक मांगने आरोपी के पास पहुंचा, तो बहस शुरू हो गई। इसी बीच आरोपी ने आपा खो दिया और लकड़ी के डंडे से चंदन के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हमले के बाद चंदन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे प्राथमिक उपचार के लिए असरगंज अस्पताल ले गए, लेकिन सिर की गंभीर चोट को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। यहाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए देर रात करीब 12 बजे चंदन की मौत हो गई।

परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

चंदन की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। घर के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट