लखीसराय के बड़हिया में भीषण अगलगी, पांच मवेशियों की जिंदा जलकर मौत, लाखों का भूसा और मसूर भी राख
गौशाला में आग लगने की एक घटना में वहां बांधे गए 5 मवेशी की जिंदा जलकर मौत हो गई. यह घटना लखीसराय के बड़हिया नगर परिषद इलाके में हुई. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई.
Massive Fire in Barahiya- फोटो : news4nation
Bihar News : लखीसराय जिले के बड़हिया नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 में शुक्रवार की देर रात भीषण अगलगी की घटना हुई। विजय सिंह के बथान में रात करीब तीन बजे अचानक आग लग गई। इस हादसे में पांच मवेशियों की जलकर मौत हो गई। वहीं, बथान में रखा सैकड़ों मन भूसा और मसूर भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के अधिकारी और अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, दमकल की टीम के पहुंचने तक पांचों मवेशी आग की भेंट चढ़ चुके थे।
इस घटना में पशुधन के साथ बड़ी मात्रा में अनाज और भूसा जलने से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
कमलेश की रिपोर्ट