Bihar Politics: जितना Paytm लेना है ले लीजिए...’, बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर जन सुराज के उम्मीदवार रजनीश रंजन का तीखा तंज

Bihar Politics: जन सुराज के उम्मीदवार रजनीश रंजन ने जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम के दौरान वर्तमान एमएलसी पर तीखा हमला बोला।

Bihar Politics: जितना Paytm लेना है ले लीजिए...’,  बिहार विध
जन सुराज का तंज - फोटो : SHYAM

KATIHAR : कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर कटिहार में सियासी सरगर्मी तेज है। जन सुराज के उम्मीदवार रजनीश रंजन ने जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम के दौरान वर्तमान एमएलसी पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन में उन्होंने कथित तौर पर डायरी बांटने और Paytm नंबर मांगने को लेकर तंज कसा और इसे चुनावी प्रक्रिया में मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास से जोड़ते हुए गंभीर टिप्पणी की।

रजनीश रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि “बाप और बेटा मिलकर लोगों को डायरी दे रहे हैं और Paytm नंबर मांग रहे हैं।” इसके बाद उन्होंने वर्तमान एमएलसी को संबोधित करते हुए कहा कि जितना Paytm लेना है, ले लीजिए, लेकिन इस बार मतदाता सब कुछ समझ रहे हैं। उन्होंने कटिहार की राजनीतिक चेतना का हवाला देते हुए दावा किया कि इस तरह के प्रयासों का चुनाव में कोई असर नहीं पड़ेगा।उन्होंने वर्तमान एमएलसी के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। रजनीश रंजन ने कहा कि प्रतिनिधि को अपने 12 साल के कार्यकाल का श्वेतपत्र जारी करना चाहिए था और कथित तौर पर काम नहीं होने को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

रजनीश रंजन को जन सुराज ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। हाल के उनके विभिन्न जिला स्तरीय संवाद कार्यक्रमों में बेरोजगार स्नातकों के लिए ब्याजमुक्त ऋण, परीक्षा कैलेंडर, मासिक भत्ता और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे हैं।

कटिहार में दिए गए इस बयान के बाद कोशी स्नातक चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। हालांकि, Paytm के जरिए कथित लेन-देन या मतदाताओं को प्रभावित करने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस रिपोर्ट में उपलब्ध नहीं है। चुनावी माहौल में दोनों पक्षों के आरोपों और दावों को संबंधित पक्षों के बयान के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह