Bihar News: कटिहार DM का अनोखा अंदाज! बच्चों को पढ़ाया, जमीन पर बैठकर खाया खाना, खुद धोई जूठी थाली
Bihar News: कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी इन दिनों अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। ..
Bihar News: कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी इन दिनों अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। रौतारा में आयोजित सहयोग शिविर के क्रम में जिलाधिकारी ने कोढ़ा प्रखंड के मिडिल स्कूल रौतारा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुविधाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम सिर्फ व्यवस्था देखने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि खुद कक्षा में पहुंचकर बच्चों से रूबरू हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बारी-बारी से सवाल पूछे और कई विषयों पर उनसे संवाद किया। बच्चों के जवाब सुनकर जिलाधिकारी ने उन्हें प्रोत्साहित किया और पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने की कोशिश की।
डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बच्चों से सीधे बातचीत कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं को लेकर उनके अनुभव भी जाने। उन्होंने बच्चों से पूछा कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्हें किन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत महसूस होती है। इस दौरान विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने नई एवं आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शैक्षणिक माहौल के बारे में जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान डीएम का सादगी भरा अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों के साथ जमीन पर पंक्तिबद्ध बैठकर मध्याह्न भोजन किया। इसके बाद सबसे खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने अपनी जूठी थाली खुद धोई। डीएम को बच्चों के साथ बैठकर भोजन करते और अपनी थाली साफ करते देखकर विद्यालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच इसकी चर्चा होने लगी।
जिलाधिकारी ने इस दौरान विद्यालय की साफ-सफाई, शिक्षण व्यवस्था और बच्चों को मिल रही सुविधाओं को भी देखा। मौके पर डीडीसी डॉ. नेहा, विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन, विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद रहे।डीएम के इस औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी की औपचारिक भूमिका से अलग उनका सहज और संवेदनशील अंदाज नजर आया। बच्चों के साथ संवाद से लेकर उनके साथ भोजन करने और अपनी थाली स्वयं धोने तक की तस्वीरें लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
रिपोर्ट- श्याम कुमार सिंह