Bihar News : कैमूर में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव, आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार

Bihar News : कैमूर में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. फिर वीडियो बनाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया. पुलिस ने आरोपी दम्पत्ति को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म
महिला से दुष्कर्म - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला को धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। संवेदनहीनता की हद पार करते हुए आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात का वीडियो भी बना लिया और बाद में पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने का मानसिक दबाव बनाने लगे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

नशीला पदार्थ पिलाकर बनाई हवस का शिकार

मोहनिया एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने बुधवार सुबह अनुमंडल कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार को रामगढ़ थाना में पीड़िता द्वारा एक लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई गई थी। आवेदन के अनुसार, बीते 4 जून की शाम करीब 6 बजे रामगढ़ थाना अंतर्गत डरवन गाँव के निवासी एकराम अंसारी (पिता- मुस्लिम अंसारी) और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम ने महिला को किसी बहाने से अपने घर बुलाया। वहाँ उसे नशीला पदार्थ पिला दिया गया, जिससे वह अचेत होने लगी।

पत्नी बनाती रही वीडियो, फिर दी धर्म परिवर्तन की धमकी

एसडीपीओ ने बताया कि जब पीड़िता अचेत अवस्था में थी, तो उसकी बेबसी का फायदा उठाकर आरोपी एकराम अंसारी ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इस घिनौने कृत्य में उसकी पत्नी शाहिदा बेगम भी बराबर की भागीदार रही, जो अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाती रही। वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी दंपत्ति ने पीड़िता को वह वीडियो दिखाया और धमकी दी कि यदि उसने अपना धर्म परिवर्तन नहीं किया, तो इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे समाज में बदनाम कर दिया जाएगा।

4 घंटे के भीतर आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार

इस गंभीर मामले की जानकारी मिलते ही कैमूर पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। रामगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज होने के महज 4 घंटे के भीतर ही छापेमारी कर आरोपी दंपत्ति—एकराम अंसारी और उसकी पत्नी शाहिदा बेगम को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 150/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पीड़िता की सुरक्षा और काउंसलिंग का भी ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्य आरोपी का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास

प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ गोपाल कृष्णा ने यह भी साफ किया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी एकराम अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी महिलाओं और लड़कियों से छेड़छाड़ तथा अभद्र व्यवहार के मामलों में संलिप्त रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाने की तैयारी कर रही है ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जा सके।

देवब्रत की रिपोर्ट