Bihar News : कैमूर में सर्विस रोड पर जलजमाव से फूटा दुकानदारों का गुस्सा, पानी में की धान की रोपनी

Bihar News : मोहनिया में लंबे समय से नारकीय स्थिति झेल रहे आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए बीच सड़क पर जमा गंदे पानी में धान की रोपाई की।

Bihar News : कैमूर में सर्विस रोड पर जलजमाव से फूटा दुकानदार
सड़क पर धान की रोपाई - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : कैमूर जिले के मोहनिया शहर स्थित दक्षिणी-पूर्वी सर्विस रोड पर महीनों से बने भीषण जलजमाव और जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों का धैर्य जवाब दे गया है। लंबे समय से नारकीय स्थिति झेल रहे आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए बीच सड़क पर जमा गंदे पानी में धान की रोपाई की।

व्यापार पूरी तरह ठप, जनजीवन अस्त-व्यस्त

स्थानीय निवासी सुमित गुप्ता और व्यापारी दीपक रावत ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि निर्माण कार्य को एक महीने से अधिक समय से अधूरा छोड़ रोड को खोद दिया गया है। इससे सड़क और नाले में फर्क मिट गया है। दुकानों और घरों के सामने जमा गंदे पानी के कारण ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है और दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासन और NHAI पर पल्ला झाड़ने का आरोप

व्यापारियों का आरोप है कि NHAI, नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं। सर्विस रोड बंद होने से गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे वाहनों के कारण हर समय बड़ी दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

SDM का बयान: जल्द शुरू होगा पानी निकासी का काम

इस पूरे मामले पर मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने रविवार की दोपहर बताया कि वहां पर काफी दिनों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में NHAI के अधिकारियों से वार्ता की गई है और जल्द ही सड़क पर जमा पानी को बाहर निकालने का कार्य शुरू कराया जाएगा।

शीघ्र समाधान की उम्मीद

प्रशासनिक आश्वासन के बाद अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों को उम्मीद है कि NHAI और प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाएगा। यदि त्वरित कार्रवाई होती है तो सर्विस रोड से जलनिकासी के साथ-साथ अधर में लटके निर्माण कार्य को गति मिलेगी, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी।

देवब्रत की रिपोर्ट