Bihar News : बच्चों के नहाने के विवाद में दो गांवों के लोग आपस में भिड़े, 18 लोग हुए जख्मी, पुलिस ने 16 को भेजा जेल
Bihar News : कैमूर में बेलाव थाना क्षेत्र के काली मंदिर नहर में बच्चों के नहाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जिसमें 18 लोग जख्मी हो गए.....पढ़िए आगे
KAIMUR : जिले के बेलाव थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरा सरैया टोला स्थित काली मंदिर नहर में बच्चों के नहाने जैसे मामूली विवाद ने एक बड़े हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद को लेकर सोनवर्षा गांव और सरैया टोला के ग्रामीण आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चले। इस भीषण रोड़ेबाजी और मारपीट में दोनों ओर के 18 लोग, जिनमें महिलाएं, पुरुष और युवक शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त है।
हिंसक झड़प की सूचना मिलते ही बेलाव थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद पांच पुरुषों और एक महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि चिकित्सकों ने फिलहाल सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया है।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सरैया टोला की विगनी देवी के आवेदन पर 20 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि दूसरी ओर से सोनवर्षा गांव की प्रमिला देवी ने 14 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों ओर से मिले आवेदनों के आधार पर पुलिस ने कुल 34 से अधिक लोगों को आरोपी बनाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की संवेदनशीलता और इलाके में उपजे तनाव को देखते हुए जिला पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बेलाव, करमचट और भगवानपुर थाना पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने दोनों गांवों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर कुल 16 आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों में सोनवर्षा गांव से 9 और सरैया टोला से 7 आरोपी शामिल हैं, जिन्हें सोमवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले के संबंध में बेलांव प्रभारी थानाध्यक्ष रोमा कुमारी ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार 16 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और घटना में शामिल शेष फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने स्थानीय प्रबुद्ध लोगों की मदद से ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
देवब्रत की रिपोर्ट