Bihar News : मवेशी तस्कर समझकर युवक को दबंगों ने बेरहमी से पीटा, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

Bihar News : कैमूर में मोहनिया थाना क्षेत्र में मैजिक वाहन से बछड़ा लेकर लौट रहे एक युवक के साथ बाइक सवार तीन-चार युवकों ने कथित रूप से हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से मारपीट कर दी। जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम कर दिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : मवेशी तस्कर समझकर युवक को दबंगों ने बेरहमी से प
युवक की पिटाई - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के पटना मोड़ के समीप रविवार को एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक मैजिक वाहन से बछड़ा लेकर लौट रहे युवक को बाइक सवार तीन-चार बदमाशों ने जबरन रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के विरोध में स्थानीय आक्रोशित लोगों ने पटना मोड़ के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल और क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस के वरीय अधिकारियों ने उग्र हो रहे लोगों को शांत कराया और दोषियों के खिलाफ त्वरित व सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सड़क जाम को समाप्त कराया जा सका, जिसके बाद यातायात पुनः सामान्य हुआ। घायल युवक की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव निवासी नवाब कुरैशी के पुत्र कल्लू कुरैशी के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। इस हिंसक वारदात के बाद से पीड़ित परिवार में खौफ का माहौल है।

अस्पताल में उपचाराधीन घायल कल्लू कुरैशी ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह दादर इलाके से अपने मैजिक वाहन पर एक बछड़ा खरीदकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पटना मोड़ के समीप पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन-चार युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक लगा दी। गाड़ी रुकते ही उन लोगों ने कल्लू को नीचे खींच लिया, उसके हाथ-पैर बांध दिए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान उसके पास रखे नकदी रुपए भी छीन लिए और फरार हो गए।

इधर, इस गंभीर मामले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित युवक के बयान को दर्ज कर लिया गया है और मामले की सघन जांच की जा रही है। बयान के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।

देवब्रत की रिपोर्ट