Bihar News : कैमूर में पुलिस की बर्बरता! वाहन चेकिंग के दौरान तीन युवकों को बेरहमी से पीटा, लाठी के हमले से युवक का फटा सिर
Bihar News : कैमूर में वाहन जांच के दौरान हुए लाठीचार्ज में एक युवक का सिर बुरी तरह फट गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
KAIMUR : बिहार के कैमूर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र से पुलिसिया बर्बरता का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां चण्डेश चौक से कलानी रोड स्थित गोरिया नदी पुल के पास देर शाम वाहन चेकिंग चला रही पुलिस टीम पर तीन बाइक सवार युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस की इस कथित लाठीचार्ज में एक युवक का सिर बुरी तरह फट गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
यह पूरी घटना रविवार की रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पटखवलिया (पोस्ट- बगाड़ी) गांव के निवासी हिमांशु कुमार, दीपक कुमार और उनका एक अन्य साथी एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। पीड़ित युवकों का आरोप है कि गोरिया नदी पुल के पास जैसे ही वे पहुंचे, पुलिस ने उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस (DL) चेकिंग के लिए रोका। आरोप है कि बातचीत के दौरान ही पुलिसकर्मी अचानक उग्र हो गए और युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पुलिस के इस अचानक हुए हिंसक हमले में बाइक सवार युवक हिमांशु कुमार का सिर फट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और घायल हिमांशु को आनन-फानन में रामगढ़ रेफरल अस्पताल लेकर गए। अस्पताल के डॉक्टरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायल युवक के सिर में तीन टांके लगाए। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल युवक की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस क्रूर कार्यशैली और अमानवीय व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि चेकिंग के नाम पर आम नागरिकों और युवाओं के साथ इस तरह की मारपीट कानून का खुला उल्लंघन है। ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल निलंबन और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले को तूल पकड़ता देख प्रशासनिक महकमा भी रेस हो गया है। इस पूरे विवाद पर मोहनिया डीएसपी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई यह घटना उनके संज्ञान में आई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कैमूर एसपी को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया गया है। डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
देवब्रत की रिपोर्ट