Bihar News : कैमूर में पुलिस टीम पर हमला करने वाले 4 शातिर अपराधी गिरफ्तार, ड्रोन कैमरे की मदद से पुलिस ने धर दबोचा

Bihar News : कैमूर पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से घेराबंदी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से अपराधियों की दो लग्जरी गाड़ियां तथा एक बुलेट बाइक जब्त की है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में पुलिस टीम पर हमला करने वाले 4 शातिर अ
ड्रोन से पकड़े गए अपराधी - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : बिहार के कैमूर जिले में पुलिस टीम पर गोलीबारी कर भाग रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 19 सितंबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से घेराबंदी कर चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने मौके से अपराधियों की दो लग्जरी गाड़ियां एक टाटा सफारी, एक कार तथा एक बुलेट बाइक जब्त की है।

घटना के संदर्भ में मोहनियां के प्रभारी डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि कैमूर एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर से टाटा सफारी में सवार होकर कुछ हथियारबंद अपराधी परसथुआ की ओर जा रहे हैं। अपराधियों की गाड़ी को आगे-आगे गुड्डू यादव नाम का व्यक्ति बुलेट बाइक से एस्कॉर्ट कर रहा था। सूचना मिलते ही नुआंव थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर नाकेबंदी की गई।

पुलिस टीम जब तियरा नहर पुल और महस्था मोड़ के पास सघन वाहन जांच कर रही थी, तभी संदिग्ध टाटा सफारी और कार वहां पहुंची। पुलिस ने जैसे ही गाड़ियों को घेरने का प्रयास किया, अपराधियों ने पुलिस के वाहन में सीधी टक्कर मार दी और ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। इसके बाद अपराधियों का पीछा करते हुए पुलिस टीम ने पास के अखिनी गांव को चारों तरफ से घेर लिया। शुरुआती तलाशी में जब अपराधियों का सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे गांव की हवाई निगरानी शुरू की। ड्रोन से मिली सटीक लोकेशन के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों—अनीश खान, फुलवदन यादव, फैजान खान और गुफरान खान को धर दबोचा। हालांकि, एस्कॉर्ट कर रहा मुख्य आरोपी गुड्डू यादव अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस इन सभी के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि उनके पुराने मामलों और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। फरार आरोपी गुड्डू यादव को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

देवब्रत की रिपोर्ट