Bihar News: कैमूर में फर्जी अस्पताल का खुलासा, इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने जमकर काटा बवाल
Bihar News: कैमूर में झोलाछाप डॉक्टर ने एक महिला की जान ले ली है। परिजनों ने गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अवैध रुप से अस्पताल चला रहा था।
Bihar News: बिहार के कैमूर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक अवैध अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। प्रशासन ने जांच के बाद अस्पताल को अवैध बताते हुए उसे सील कर दिया है और आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
अवैध अस्पताल में महिला की मौत
यह मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोडसरा गांव का है। जहां एक निजी मकान में कथित तौर पर अवैध रूप से अस्पताल चलाया जा रहा था। इसी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के दिया गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान की पत्नी रूबी देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात रूबी देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए गोडसरा गांव स्थित इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने डॉक्टर को किया गिरफ्तार
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और देखते ही देखते महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। रामगढ़ थानाध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा ने बताया कि आरोपी डॉक्टर अरुण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह अवैध अस्पताल कब से संचालित हो रहा था और इसके पीछे किन-किन लोगों की भूमिका है।