Bihar News : कैमूर में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 3 पिकअप वाहनों से 27 मवेशियों को किया बरामद, 2 तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : कैमूर जिले की मोहनिया पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 3 पिकअप वाहनों से ले जाए जा रहे 27 मवेशियों को सुरक्षित बरामद किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कैमूर में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने की बड़ी
पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई - फोटो : DEVBRAT

KAIMUR : पशु तस्करी के खिलाफ मोहनिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों से 27 मवेशियों को बरामद किया है। मवेशियों को वाहनों में क्रूरतापूर्वक और बेहद तंग तरीके से लादकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य पिकअप के चालक व सहचालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तीनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि गुप्त सूचना के आधार पर दसौती मोड़ के समीप वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान तीन पिकअप वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। जांच में तीनों वाहनों से कुल 27 मवेशी बरामद हुए। इनमें गाय और बछड़े शामिल हैं। वाहनों में मवेशियों को क्षमता से अधिक और काफी तंग तरीके से लादा गया था।

मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भभुआ थाना क्षेत्र के बबुरा गांव निवासी मो. ईमादुद्दीन, पिता मो. सलीमुद्दीन और अरमान कुरैशी, पिता मुनौअर कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, ईमादुद्दीन पिकअप का चालक और अरमान कुरैशी सहचालक है। वहीं, दो अन्य वाहनों के चालक और सहचालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।

कैमूर एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले में पशु तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई के बाद तस्करों में हड़कंप है। मुख्य मार्गों पर सख्ती बढ़ने के कारण तस्कर अब लिंक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे फोन पर बताया कि तीन पिकअप से 27 मवेशियों को जब्त किया गया है और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

देवब्रत की रिपोर्ट