जहानाबाद में मद्य निषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई : 80 लाख की अवैध विदेशी शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
Jehanabad : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के सख्त निर्देशानुसार उत्पाद विभाग और अनुमंडल पदाधिकारी की टीम ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में अवैध विदेशी शराब से लदे एक ट्रक को पकड़ा गया।
735 कार्टन में 6,526 लीटर शराब बरामद
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए ट्रक की गहन तलाशी लेने पर उसमें से कुल 735 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 6526.08 लीटर मापी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
उत्पाद विभाग की टीम ने शराब की बड़ी खेप और ट्रक को विधिवत जब्त करते हुए मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब की सप्लाई चेन, इसके मुख्य स्रोत और इस काले कारोबार में शामिल अन्य नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
मामले की जानकारी देते हुए डीएम छिरिङ वाई भूटिया ने दोषियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
रंजीत की रिपोर्ट