मंत्री अशोक चौधरी के करीबी जदयू नेता पर पिस्टल और धारदार हथियार से हमला, पुलिस महकंमे में मचा हड़कंप

जहानाबाद जिले में बेखौफ अपराधियो ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के करीबी जदयू नेता पर जानलेवा हमला किया है। घटना में गंभीर रुप से घायल जदयू नेता मनीष कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है....

मंत्री अशोक चौधरी के करीबी जदयू नेता पर पिस्टल और धारदार हथि
मंत्री अशोक चौधरी के करीबी जदयू नेता पर जानलेवा हमला- फोटो : रितेश

Jehanabad : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां नगर थाना क्षेत्र स्थित राजबाजार के पास अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां बिहार सरकार के कद्दावर मंत्री अशोक चौधरी के करीबी माने जाने वाले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता मनीष कुमार पर अपराधियों ने जानलेवा हमला किया है। घात लगाए बदमाशों ने पिस्टल और धारदार हथियार (चाकू) से उन पर  किए, जिससे जदयू नेता बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।


मरीज का इलाज कराने आए थे शहर

मिली जानकारी के अनुसार, जदयू नेता मनीष कुमार अपने पैतृक गांव सिकरिया के एक ग्रामीण की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज कराने के लिए जहानाबाद शहर के राजा बाजार आए हुए थे। वे मरीज को डॉक्टर के पास दिखाने की प्रक्रिया में व्यस्त थे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने मौका पाकर उन पर अचानक हमला बोल दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल, इलाज जारी

हमले में गंभीर रूप से जख्मी जदयू नेता को वहां मौजूद उनके मित्रों और स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उठाया और तुरंत जहानाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। मनीष कुमार के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे जख्म आए हैं, जिसके कारण उनका काफी खून बह गया है। सदर अस्पताल के डॉक्टरों की टीम आपातकालीन वार्ड में मुस्तैदी से उनके इलाज में जुटी हुई है और फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


नामजद आरोपियों ने दी सरेआम चुनौती

अस्पताल में इलाज के दौरान घायल जदयू नेता मनीष कुमार ने पुलिस को दिए अपने प्रारंभिक बयान में हमलावरों की पहचान उजागर की है। उन्होंने बताया कि अंकित उर्फ लड्डू नारायण अपने चार-पांच अन्य अज्ञात साथियों के साथ हाथों में पिस्टल और धारदार हथियार लहराते हुए वहां पहुंचा और बिना कुछ संभलने का मौका दिए मारपीट शुरू कर दी। मनीष कुमार का आरोप है कि हमलावर उन्हें मारते हुए सरेआम कह रहे थे कि वे इलाके में शराब, अफीम और अन्य नशीली चीजें बेचेंगे और किसी में इसे रोकने की औकात नहीं है।


पुलिस महकमे में हड़कंप, हमलावरों की तलाश तेज

सत्ताधारी दल के नेता और मंत्री के करीबी पर शहर के बीचों-बीच हुए इस हमले की सूचना मिलते ही जहानाबाद नगर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल नेता का हाल जाना और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार का विरोध करने से जुड़े इस मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। नामजद आरोपी अंकित उर्फ लड्डू नारायण और उसके गुर्गों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।


जहानाबाद से रितेश की रिपोर्ट