CM Nitish News: समृद्धि यात्रा का पांचवां चरण आज से शुरू, जहानाबाद और अरवल को सीएम नीतीश आज देंगे करोड़ों की सौगात

CM Nitish News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत आज जहानाबाद और अरवल पहुंचेंगे। सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा का यह आखिरी चरण है। राज्यसभा जाने से पहले सीएम नीतीश प्रदेश के सभी जिलों में घूम रहे हैं।

सीएम नीतीश
सीएम नीतीश देंगे करोड़ की सौगात - फोटो : social media

CM Nitish News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुचर्चित ‘समृद्धि यात्रा’ के पांचवें चरण की शुरुआत आज से हो रही है। इसके तहत आज यानी 23 मार्च को सीएम नीतीश जहानाबाद और अरवल जाएंगे। इसके बाद 24 मार्च को कैमूर और रोहतास, 25 मार्च को भोजपुर और बक्सर, जबकि 26 मार्च को पटना में इस चरण का समापन होगा। सीएम नीतीश आज थोड़ी देर में पटना से जहानाबाद के लिए रवाना होंगे।   

252 करोड़ की देंगे सौगात 

जहानाबाद दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। मुख्यमंत्री यहां करीब 252 करोड़ रुपये की 161 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 150 करोड़ रुपये की लागत से 73 नई योजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जबकि लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 88 योजनाओं का उद्घाटन होगा। सीएम नीतीश यहां सभा को भी संबोधित करेंगे। 

अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक 

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। वे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और वहां से सदर प्रखंड के पुराने कार्यालय परिसर में जीविका दीदी के वस्त्र उत्पादन केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे गांधी मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान गांधी मैदान में एक बड़ी जनसभा का भी आयोजन किया गया है, जहां मुख्यमंत्री लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर भव्य पंडाल तैयार किया गया है और पूरे परिसर को सजाया गया है।

सीएम नीतीश स्थलों का करेंगे निरीक्षण 

सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीएम सुरक्षा टीम द्वारा सभी स्थलों का निरीक्षण किया जा चुका है और जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डीएम अलंकृता पांडे ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। स्थानीय लोगों में मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि ‘समृद्धि यात्रा’ से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।

अरवल को देंगे 153 करोड़ की सौगात 

सीएम नीतीश अरवल जिले को भी बड़ी विकास सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब 153 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 63 करोड़ रुपये की लागत से 22 नई योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 90 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 250 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इससे जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री इटवा मॉडल हाई स्कूल का निरीक्षण करेंगे, जहां वे आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लेंगे।

मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास करें

इसके अलावा वे प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के चिन्हित स्थल पर पहुंचकर शिलान्यास करेंगे। साथ ही अटल भवन का भी शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेकर आम लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।