बारिश के दौरान मड़ई पर गिरी आकाशीय बिजली, 13 वर्षीय किशोर की मौत, 4 घायल

बारिश के दौरान मड़ई पर गिरी आकाशीय बिजली, 13 वर्षीय किशोर की
गोपालगंज में आकाशीय बिजली का कहर- फोटो : नमो नारायण मिश्रा

Gopalganj : जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजवाही गांव में आकाशीय बिजली (ठनका) का कहर देखने को मिला। चंवर में मवेशी चराने के दौरान अचानक शुरू हुई तेज बारिश से बचने के लिए एक मड़ई (झोपड़ी) में छिपे लोगों पर आकाशीय बिजली आ गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 13 साल के एक मासूम किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग बुरी तरह झुलसकर घायल हो गए।


चंवर में भैंस चराने के दौरान बारिश से बचने गए थे ग्रामीण 

मृतक किशोर की पहचान राजवाही गांव निवासी बहादुर यादव के 13 वर्षीय पुत्र आत्मा यादव के रूप में की गई है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि गांव के पांच लोग चंवर में भैंस चराने गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और मूसलाधार बारिश होने लगी। बारिश से खुद को बचाने के लिए सभी लोग पास में स्थित एक मड़ई के नीचे शरण लेने चले गए।


तेज आवाज के साथ मड़ई पर गिरी बिजली, चार लोग हुए झुलसकर घायल 

मड़ई के नीचे रुकने के कुछ ही मिनटों बाद भीषण गर्जना के साथ सीधे मड़ई पर आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात का झटका इतना तेज था कि आत्मा यादव की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं इस हादसे में धनंजय यादव, राहुल यादव, ध्रुप यादव और शम्भू भगत गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण राहत एवं बचाव के लिए मौके पर पहुंचे।


घायलों का गोपालगंज सदर अस्पताल में जारी है इलाज 

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, घटना की सूचना के बाद पुलिस की टीम ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतक किशोर के शव को कब्जे में ले लिया है।


किशोर की मौत से परिवार में कोहराम, गांव में पसरा मातम 

13 वर्षीय बालक आत्मा यादव की दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के चीखने-चिल्लाने से पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया है। एक ही गांव के एक बच्चे की मौत और चार लोगों के घायल होने की इस दुखद घटना के बाद से पूरे राजवाही गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है।

नमो नारायण मिश्रा की रिपोर्ट