Bihar News: भागलपुर में सड़कों की गुणवत्ता की होगी जांच, 27 अक्टूबर तक रिपोर्ट देने का निर्देश

Bihar News:सड़कों की बदहाली, गड्ढों और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है।

Bihar News: भागलपुर में सड़कों की गुणवत्ता की होगी जांच, 27
सड़कों की गुणवत्ता की होगी जांच- फोटो : BALMUKUND

Bhagalpur : जिले में सड़कों की बदहाली, गड्ढों और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी निधि से निर्मित और अनुरक्षित सड़कों की भौतिक स्थिति की जांच कराई जाएगी। इसके लिए जांच पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अधिकारियों को 27 अक्टूबर तक स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।जारी आदेश के मुताबिक, पथ प्रमंडल भागलपुर और संबंधित उप प्रमंडलों के अंतर्गत आने वाली प्रमुख सड़कों की जांच की जाएगी। इसमें भागलपुर, नवगछिया, कहलगांव और सुल्तानगंज क्षेत्र की सड़कें शामिल हैं। प्रशासन का उद्देश्य सड़क संपर्कता को बेहतरबनाने, यातायात को सुगम करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखना है।जांच के दौरान सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इसमें सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति, सड़क की सतह पर धंसाव और रटिंग, दरारों की सीलिंग तथा सड़क के किनारों और शोल्डर की गुणवत्ता की पड़ताल होगी।

इसके अलावा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई, पुल-पुलियों की मरम्मत एवं साफ-सफाई, संकेतक बोर्ड, क्रैश बैरियर और सड़क पर चिह्नांकन की स्थिति भी जांच के दायरे में रहेगी। जिन सड़कों पर जलजमाव की समस्या है, वहां भी स्थिति का आकलन किया जाएगा।

जिलाधिकारी की ओर से प्रतिनियुक्त जांच पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 27 अक्टूबर 2026 तक आवंटित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण पूरा कर जांच प्रतिवेदन जिला विकास शाखा, भागलपुर में जमा करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित सड़कों की तस्वीरें भी रिपोर्ट के साथ संलग्न करनी होंगी, ताकि कमियों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।वहीं, जिला विकास शाखा को सभी प्राप्त रिपोर्टों को समेकित कर 28 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी के समक्ष निर्णय के लिए प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल और पथ निर्माण विभाग को जांच पदाधिकारियों के साथ आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं संबंधित अभिलेख साझा करने का निर्देश दिया है।इस पहल के जरिए सड़कों की कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की तैयारी है। जांच में सामने आने वाली समस्याओं के आधार पर मरम्मत और अनुरक्षण कार्यों को लेकर आगे के निर्णय लिए जाएंगे। इससे सरकारी योजनाओं के तहत सड़कों के रखरखाव में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट- बालमुकुंद कुमार