NIA Raid in Gopalganj:एजेंट के घर 5 घंटे चली NIA की छापेमारी, 10 जुलाई को पटना तलब

कंबोडिया में नौकरी के नाम पर साइबर फ्रॉड कराने वाले नेटवर्क की जांच में जुटी एनआईए की टीम ने साधु चौक इलाके में एक एजेंट के घर करीब 5 घंटे तक छापेमारी की. पश्चिम चंपारण के एक पीड़ित युवक की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है,

NIA Raid in Gopalganj agent summoned to Patna
गोपालगंज में NIA की रेड, कंबोडिया कनेक्शन- फोटो : Reporter

बिहार के गोपालगंज में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर के साधु चौक इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. कंबोडिया कनेक्शन से जुड़े एक संवेदनशील मामले में एनआईए की टीम ने एक नौकरी एजेंट के घर पर अचानक छापेमारी की और करीब पांच घंटे तक सघन तलाशी के साथ गहन पूछताछ की. इस अचानक हुई कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और पूरे इलाके में आने-जाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी गई.


पश्चिम चंपारण के युवक की शिकायत पर शुरू हुई जांच

यह पूरा मामला पश्चिम चंपारण के एक पीड़ित युवक को साल 2024 में नौकरी के नाम पर कंबोडिया भेजे जाने से जुड़ा है. कंबोडिया से किसी तरह वापस लौटने के बाद पीड़ित युवक ने एनआईए से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसी हरकत में आई. जांच टीम ने एजेंट के घर पर कंबोडिया और अन्य देशों से जुड़े विदेश भेजने वाले दस्तावेजों, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल सबूतों को खंगाला है.


कंबोडिया में ऑनलाइन फ्रॉड कराने का आरोप, एजेंट का दावा

इस मामले में आरोपी एजेंट प्रदीप सिंह ने अपनी सफाई देते हुए बताया कि साल 2024 में उन्होंने उक्त युवक को कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी के लिए कंबोडिया भेजा था. वहां पहुंचने के बाद युवक ने शिकायत की कि उससे जबरन ऑनलाइन फ्रॉड (साइबर क्राइम) का काम कराया जा रहा है. एजेंट का दावा है कि उन्होंने युवक की मदद के लिए पैसे भेजकर उसे भारत वापस बुलाया, उसका सारा खर्च लौटाया और बाद में दुबई का वीजा भी अरेंज किया, लेकिन युवक ने उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी.

लेन-देन के दस्तावेज जब्त, 10 जुलाई को पटना तलब

एजेंट प्रदीप सिंह के अनुसार, उन्होंने एनआईए के अधिकारियों को पैसे लौटाने और वीजा से संबंधित सभी लेन-देन के दस्तावेज सौंप दिए हैं. हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने एजेंट को एक कानूनी नोटिस थमाया है, जिसके तहत उन्हें 10 जुलाई को पटना स्थित एनआईए (NIA) के क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया है. फिलहाल, एनआईए ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और आगे की कार्रवाई पटना में होने वाली पूछताछ के बाद तय होगी.

रिपोर्ट - नमो नारायण मिश्रा