Bihar Flood: महीनों से सड़क पर जलजमाव, विरोध में ग्रामीणों ने फीता काटकर कर दिया राष्ट्रीय राजमार्ग का उद्घाटन
Bihar Flood: गया जिले के टेकारी-कुर्था मार्ग पर चित्तौखर के समीप स्टेट हाईवे-69 की बदहाल तस्वीर को लेकर ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। ...
Bihar Flood: गया जिले के टेकारी-कुर्था मार्ग पर चित्तौखर के समीप स्टेट हाईवे-69 की बदहाल तस्वीर को लेकर ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। महीनों से सड़क पर जलजमाव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों ने प्रशासन की कथित अनदेखी के खिलाफ अनोखे और व्यंग्यात्मक अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पानी से लबालब सड़क को मजाकिया तौर पर ‘गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-69’ का नाम दिया और बाकायदा फीता काटकर इसका उद्घाटन कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासी दीपक यादव को प्रतीकात्मक तौर पर ‘विधायक’ की भूमिका दी गई। इसके बाद उन्होंने जलजमाव के बीच खड़े होकर नारियल फोड़ा, अगरबत्ती दिखाई और फीता काटकर इस कथित जलमार्ग का उद्घाटन किया। ग्रामीणों के इस अनोखे प्रदर्शन ने सड़क की बदहाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा तंज कसा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं शामिल हुईं। हाथों में पोस्टर लेकर ग्रामीणों ने सड़क की दुर्दशा और जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध के दौरान लोगों के बीच प्रसाद के तौर पर टमाटर और मिर्च भी बांटे गए, जिसे ग्रामीणों ने अपने अनोखे विरोध का हिस्सा बताया।
शिकायत के बाद भी नहीं निकला स्थायी समाधान
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर जलजमाव की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों के मुताबिक जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा तालाब में तब्दील हो चुका है।
सड़क पर कई जगह गड्ढे भी हैं, लेकिन पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई और स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
जलनिकासी और सड़क मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने और जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। लंबे समय से बनी समस्या के कारण आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।ग्रामीणों का यह व्यंग्यात्मक प्रदर्शन भले ही अनोखे अंदाज में किया गया हो, लेकिन इसके पीछे सड़क की बदहाली को लेकर गहरी नाराजगी और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग साफ नजर आई।
रिपोर्ट- मनोज कुमार